केरल में फंसे कुमाऊं के 11 रिटायर्ड जवानों को पहुंचाया उत्तराखंड
लॉकडाउन में केरल के कन्नूर में भारतीय सेना से रिटायर्ड हुए 11 जवानों को उत्तराखंड पहुंचाया गया।
चम्पावत, जेएनएन : लॉकडाउन में केरल के कन्नूर में भारतीय सेना से रिटायर्ड हुए 11 जवानों को उनके घर लाने के लिए पूर्व जिला पंचायत सदस्य गोविंद सामंत ने मदद की। चम्पावत के एक रिटायर्ड जवान के परिजनों ने गोविंद सामंत से संपर्क किया। इस पर गोविंद ने अपने केरल स्थित मित्र प्रमोद से संपर्क कर उनके पास बनवाया व वाहन की व्यवस्था कर उन्हें उनके घरों को वापस लाया गया है। वह आज या कल जनपद में पहुंच जाएंगे।
लॉकडाउन के दौरान विगत 31 मार्च को चम्पावत जिले के साथ पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, बागेश्वर, काशीपुर, खटीमा, नैनीताल और हल्द्वानी के 11 जवान भारतीय सेवा से रिटायर्ड हो गए थे। वह तभी से केरल के कन्नूर स्थित डीएससी में रह रहे थे। तीन दिन पूर्व जनपद निवासी जवान गोपाल बहादुर रजवार के परिजनों ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य गोविंद सामंत को अपनी व्यथा बताई। प्रमोद जोशी कन्नूर में लगातार सैनिकों के संपर्क में रहे और उन्होंने फंसे रिटायर्ड सैनिकों को घर भेजने के लिए वाहन की व्यवस्था करवाने के साथ कागजात आदि तैयार कराए। गोविन्द सामंत ने बताया कि सभी रिटायर्ड सैनिक कन्नूर से रवाना हो चुके हैं तथा वे 23 मई को अपने घर पहुंच जाएंगे। मदद करने के लिए पूर्व जिला पंचायत सदस्य गोविन्द सामंत का रिटायर्ड सैनिकों एवं उनके परिजनों ने आभार जताया है।