खेत में काम कर रही वृद्धा से छेड़छाड़ व मारपीट
संवाद सूत्र गैरसैंण गैरसैंण तहसील के एक गांव निवासी वृद्ध महिला के साथ छेड़छाड़ व मारपीट
संवाद सूत्र, गैरसैंण: गैरसैंण तहसील के एक गांव निवासी वृद्ध महिला के साथ छेड़छाड़ व मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। वृद्धा को गंभीर रूप से चोट भी आई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
मंगलवार दोपहर को गैरसैंण तहसील के एक गांव निवासी 70 वर्षीय महिला अपने खेतों में काम कर रही थी। इसी दौरान रामड़ा तल्ला गांव निवासी 36 वर्षीय प्रदीप राम पुत्र अवतार राम वृद्धा के पास आया और छेड़छाड़ करने लगा। वृद्धा ने इसका विरोध किया तो युवक ने बोतल से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई। इस बीच शोरशराबा सुनकर ग्रामीण व वृद्धा के परिजन मौके पर पहुंचे। तब तक आरोपित मौके से भाग निकला। पीड़ित वृद्धा के पति ने ग्रामीणों के सहयोग से पीड़िता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गैरसैंण पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। इधर, बुधवार सुबह पुलिस ने आरोपित को रामड़ा तल्ला गांव से ही गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी जसपाल गुसाई ने बताया कि आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। गुरुवार को उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।