हाईवे दिनभर रहा बंद, बराती वाहन फंसे रहे
संवाद सहयोगी गोपेश्वर बदरीनाथ हाईवे चौड़ीकरण के कार्य के दौरान नंदप्रयाग के पास मुसीबत
संवाद सहयोगी, गोपेश्वर: बदरीनाथ हाईवे चौड़ीकरण के कार्य के दौरान नंदप्रयाग के पास मुसीबत का सबब बन गया है। यहां पर आए दिन चट्टान टूटने से हाईवे बंद हो रहा है।
शुक्रवार को दिनभर बदरीनाथ हाईवे नंदप्रयाग के पास बाधित रहा। पांच से अधिक बरातें यहां पर फंसी रही। कुछ लोग नंदप्रयाग, पोखरी होते हुए लंबी दूरी तय कर गंतव्य तक पहुंचे।
बताया गया कि सुबह 11 बजे लगभग नंदप्रयाग व सोनला के बीच चौड़ीकरण कार्य के दौरान चट्टान टूटने से भारी मलबा आ गया। दिनभर की मशक्कत के बाद सायं को हाईवे खुल पाया। बरातों का सीजन होने के कारण पांच से अधिक बरात यहां पर फंसी रही। मार्ग खुलने में हो रही देरी के चलते दूल्हे के वाहन को किसी तरह से दूसरी ओर पहुंचाया। हालांकि बाराती दिनभर मार्ग खुलने का इंतजार करते रहे। देहरादून, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग, श्रीनगर जाने वाले कई वाहनों को नंदप्रयाग देबखाल पोखरी होते हुए भेजा गया। हालांकि यह रूट सौ किमी से अधिक अतिरिक्त लंबा है। दोपहर में था लगन, रात को पहुंची बरात
घाट के घूनी गांव के मनोज पांडे की शादी रणगांव सिमल्ट की पूजा से तय हुई थी। शुक्रवार को बरात थी। सुबह घाट से जब बराती नंदप्रयाग पहुंचे तो पता चला कि यहां तो सड़क बंद है। शादी का लगन दोपहर दो बजे का था। बरात पोखरी होते हुए कर्णप्रयाग के लिए गई तो सायं छह बजे दुल्हन के गांव पहुंची।