पर्यटकों के लिए एक जून को खुलेगी फूलों की घाटी
संवाद सूत्र जोशीमठ चमोली जिले में समुद्रतल से 12985 फीट की ऊंचाई पर स्थित विश्व धरोहर फूलो
संवाद सूत्र, जोशीमठ: चमोली जिले में समुद्रतल से 12985 फीट की ऊंचाई पर स्थित विश्व धरोहर फूलों की घाटी आगामी एक जून को पर्यटकों के लिए खोल दी जाएगी। वन विभाग ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। हालांकि, कोरोना संक्रमण के चलते अभी भी फूलों की घाटी में पर्यटकों की आवाजाही को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
घाटी को खोलने की तैयारियां अमूमन अप्रैल से ही शुरू हो जाती हैं। लेकिन, इस साल लॉकडाउन के चलते तैयारियां देर से शुरू हो पाईं। हालांकि, घाटी हमेशा की तरह तय तिथि एक जून से 31 अक्टूबर तक खुली रहेगी। नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के डीएफओ किशन चंद्र ने बताया कि घाटी के लिए बर्फ और हिमखंडों को काटकर चार किमी पैदल मार्ग तैयार किया जा चुका है। क्षतिग्रस्त पुल भी दुरुस्त कर लिए गए हैं। हालांकि, वैश्विक महामारी कोविड-19 के चलते इस बार यहां पर्यटकों के बहुत कम आने की संभावना है। बावजूद इसके विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
87.5 वर्ग किमी क्षेत्रफल में फैली फूलों की घाटी में जैव विविधता का अनुपम खजाना है। यह दुनिया की इकलौती जगह है, जहां 500 से अधिक प्रजाति के फूल खिलते हैं। दुर्लभ प्रजाति की जड़ी-बूटी, पशु-पक्षी व वन्य जीव भी यहां मौजूद हैं। वर्ष 2005 में यूनेस्को ने इस घाटी को विश्व प्राकृतिक धरोहर घोषित किया था।