उमा भारती बोली, नोटबंदी से काले धन वाले परेशान
चमोली में भाजपा की परिवर्तन यात्रा में केंन्द्रीय मंत्री उमा भारती ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने पीएम मोदी को भारत का ऐतिहासिक प्रधान नेता बताया।
चमोली, [जेएनएन]: केंद्रीय जल संसाधन मंत्री उमा भारती ने कहा कि नोटबंदी से कालेधन वाले परेशान हैं, जबकि आम जनता प्रधानमंत्री के इस फैसले से खुश है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में जनता सत्ता परिवर्तन करे तो भाजपा व्यवस्था परिवर्तन कर देगी।
चमोली जनपद के गोपेश्वर में आयोजित परिवर्तन यात्रा रैली को संबोधित करते हुए उमा भारती ने कहा कि कांग्रेस, सपा, बसपा, तृणमूल, आप आदि दलों के नेता नोटबंदी से पहले इस फैसले का खुलासा किए जाने की पैरवी कर रहे हैं, इससे साफ है कि यह दल कालेधन पर अंकुश लगाने के पक्षधर नहीं थे। अब जनता की समस्याओं को हथियार बनाकर यह दल अपने मंसूबें साधने की कोशिश कर रहे हैं।
पढ़ें: कांग्रेस को उत्तराखंड में राज करने का नैतिक अधिकार नहीं: उमा
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार किसी भी हालत में गाय, गंगा के साथ खिलवाड़ नहीं होने देगी। गंगा के निर्मल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास जारी हैं और उत्तराखंड को भी इसका लाभ मिलेगा। रैली में पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा नेता सतपाल महाराज ने कहा कि राज्य की हरीश रावत सरकार दोनों हाथों से उत्तराखंड को लूट रही है और कांग्रेस हाईकमान आंख पर पट्टी बांधे हुए है। चुनाव में जनता इस भ्रष्ट सरकार को सबक सिखा देगी।
पढ़ें: बीजेपी राष्ट्रीय प्रवक्ता बलूनी सीएम के खिलाफ लड़ेंगे चुनाव