शिवलिंग स्थापना के साथ दो दिवसीय कार्मिक अनुष्ठान संपन्न
नगर क्षेत्र कर्णप्रयाग के लाटूगैर स्थित उमा महेश्वर आश्रम में गौ-पूजन के साथ पीरयोगी भोलानाथ महाराज की प्रथम पुण्य तिथि पर आयोजित मूर्ति स्थापना का धार्मिक अनुष्ठान भंडारे के साथ संपन्न हो गया।
संवाद सूत्र, कर्णप्रयाग : नगर क्षेत्र कर्णप्रयाग के लाटूगैर स्थित उमा महेश्वर आश्रम में गो-पूजन के साथ पीरयोगी भोलानाथ महाराज की प्रथम पुण्य तिथि पर आयोजित मूर्ति स्थापना का धार्मिक अनुष्ठान भंडारे के साथ संपन्न हो गया। बाल-व्यास आचार्य अरविन्द भूषण सेमवाल द्वारा वेद मंत्रोच्चारण के साथ सप्तसिंधु जल से ब्रहमलीन बाबा भोलानाथ समाधि पर मूर्ति एवं कर्णेश्वर शिवलिंग प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम रूद्राभिषेक व महाआरती के साथ किया। इस दौरान 200 से अधिक संत समाज ने कीर्तन भजन कर शिव पूजन कर माहौल भक्तिमय बनाया।
बुधवार को धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ गोवंश वंदना के साथ हुआ। मंदिर के महंत ऐश्वर्यनाथ महाराज ने कहा पीरयोगी बाबा भोलानाथ महाराज के गोसेवा अभियान को जारी रखने में सभी का सहयोग अपेक्षित है और भक्तों के संकल्प अनुरूप वे सदैव गोसेवा के लिए समर्पित रहेंगे। ब्रह्मलीन बालयोगी बाबा भोलानाथ की समाधि पर आयोजित हवन यज्ञ में आहूति देने पहुंचे कर्णप्रयाग विधायक सुरेन्द्र सिंह नेगी, जिपंस गणेश शाह, नगर पालिका अध्यक्ष दमयंती रतूड़ी ने धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेते हुए प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर नथूरा नागर, विनोद नागर, पंडित अमित जोशी, नरेश सेमवाल, रंजन रावत, सुभाष चमोला, वेद प्रकाश, चिंतामणि सेमवाल सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि व नगरवासी मौजूद रहे।