चमोली में वाहन खाई में गिरा, पांच घायल; तीन लापता
जोशीमठ के हेलंग उर्गम मोटर मार्ग पर जल विद्युत परियोजना के पावर हाउस के पास पिकअप वाहन के कल्पगंगा नदी में गिरने से तीन लोग लापता हो गए। वहीं, छह लोग घायल हैं।
गोपेश्वर, चमोली [जेएनएन]: हेलंग पावर हाउस के समीप एक वाहन के खाई में गिरने से पांच लोग घायल हो गए, जबकि तीन लोग लापता चल रहे हैं। एसडीआरएफ, आइटीबीपी व पुलिस ने लापता लोगों की तलाश में रेस्क्यू अभियान भी चलाया है। वहीं, घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे पिकअप वाहन संख्या यूके सीए-1068 उर्गम से सवारियां लेकर जोशीमठ आ रहा था। हेलंग पावर हाउस के पास वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरा। सूचना के तुरंत बाद एसडीआरएफ, आइटीबीपी व पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से मौके पर जाकर राहत बचाव का कार्य शुरू किया। वाहन में सवार पांच घायलों को 108 की मदद से जिला अस्पताल लाया गया। तीन लोग कल्प गंगा के बहाव में बहने से अभी भी लापता चल रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक तृप्ति भट्ट ने भी मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों का जायजा लिया। घायलों में 40 वर्षीय उमा देवी पत्नी भरत सिंह, 32 वर्षीय सावित्री देवी पत्नी धर्म सिंह, 22 वर्षीय नंदा सिंह पुत्र नैन सिंह, 36 वर्षीय हर्षवर्धन सिंह पुत्र मेहरमान सिंह, 40 वर्षीय दुर्गा देवी पत्नी गुडवीर सिंह शामिल हैं, लापता लोगों में 35 वर्षीय सतेश्वरी देवी पत्नी गुदाल सिंह, 38 वर्षीय अंजनी देवी पत्नी वीरेंद्र सिंह तथा 35 वर्षीय सुभाष पुत्र बच्चन सिंह शामिल हैं। सभी ग्रामीण पटवारी क्षेत्र के अरोसी गांव के निवासी हैं। वाहन चालक त्रिलोक सिंह पुत्र पान सिंह ने दुर्घटना के दौरान छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। उनको हल्की चोटें आई हैं। प्रथम दृष्टया वाहन चालक की लापरवाही की बात सामने आई है। जोशीमठ के उपजिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें: गहरी खाई में गिरी कार, फौजी की मौत; दो घायल
यह भी पढ़ें: खार्इ में गिर रही रोडवेज बस को पेड़ ने इसतरह से रोका, 35 यात्री बाल-बाल बचे
यह भी पढ़ें: डंपर से बाइक की भिड़ंत में युवक की मौत, साथी घायल