चारोंधाम समेत औली में बर्फबारी, जंगलों की आग भी शांत
शुक्रवार शाम को बदले मौसम के बाद गंगोत्री-यमुनोत्री बदरी-केदार समेत औली हेमकुंड के अलावा हर्षिलघाटी में हिमपात हुआ।
जागरण टीम, गढ़वाल: शुक्रवार शाम को बदले मौसम के बाद गंगोत्री-यमुनोत्री, बदरी-केदार समेत औली, हेमकुंड के अलावा हर्षिलघाटी में हिमपात हुआ। बर्फबारी से सेना को हेमकुंड मार्ग पर अटलाकोटी में काम रोकना पड़ा। उधर उत्तरकाशी में विकास खंड नौगांव के भंकोली, छमरोटा और थली गांव में शनिवार दोपहर बाद बारिश के साथ ओले गिरने से सेब, चुल्लू, खुमानी की फसल बर्बाद हो गई है। बारिश से जंगलों की आग भी शांत हो गई है।
गोपेश्वर: शनिवार को सुबह से दोपहर तक चटक धूप थी। दोपहर बाद जिला मुख्यालय सहित कर्णप्रयाग , थराली , घाट सहित अन्य स्थानों में बारिश शुरू हुई जो सांय तक जारी रही। बदरीनाथ हेमकुंड की चोटियों में बर्फबारी व बारिश से यात्रा तैयारियों में जुटी सेना व सरकारी अमले को कार्य रोकना पड़ा। सेना के जवान हेमकुंड साहिब में अटलाकोटी से आगे हेमकुंड तब पैदल मार्ग पर बर्फ हटाने के कार्य में जुटे थे। बारिश के बाद शनिवार को कार्य रोकना पड़ा है।
जोशीमठ :शनिवार दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदला तो औली में बारिश के बाद बर्फबारी शुरू हुई। औली में 10 नंबर टावर के आसपास बर्फ जमी भी है। अप्रैल माह में औली में बर्फबारी की उम्मीद किसी को भी नही थी।
रुद्रप्रयाग: शनिवार को अचानक मौसम में आए बदलाव के चलते केदारनाथ समेत ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी होने से मौसम ठंडा हो गया। वहीं जिला मुख्यालय समेत पूरे जनपद में जोरदार बारिश हुई। बारिश से जिले के विभिन्न स्थानों पर जंगलों में लगी आग भी बुझ गई है। जिला मुख्यालय समेत तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि, चन्द्रापुरी, ऊखीमठ, गुप्तकाशी, फाटा, गौरीकुंड, मयाली, जखोली, चोपड़ा, चोपता समेत कई स्थानों पर बारिश होने से मौसम ठंडा गया।
नई टिहरी : जिला मुख्यालय सहित विभिन्न जगहों पर तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे। बारिश इतनी तेज हुई कि सड़कों पर गदेरों की तरह पानी बहने लगा और कुछ देर तक बाजार में पैदल चलना मुश्किल हो गया। जिला मुख्यालय के अलावा आस-पास के क्षेत्रों में कुछ समय के लिए बिजली गुल रही। बारिश से जौनपुर, नरेंद्रनगर के कुछ जगहों पर जंगल में आग लगी भी बुझ गई है।
उत्तरकाशी : शनिवार दोपहर को जब तापमान में गिरा तो गंगोत्री, यमुनोत्री, हर्षिल, मुखवा, सुक्की टॉप, हरकीदून सहित ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात होना शुरू हुआ। हर्षिल घाटी में दो घंटे तक हिमपात हुआ। जबकि गंगोत्री और यमुनोत्री में शनिवार की शाम तक हिमपात हो रहा। वहीं जिला मुख्यालय उत्तरकाशी, भटवाड़ी, चिन्यालीसौड़, डुंडा, नौगांव, बड़कोट, पुरोला और मोरी में शनिवार दोपहर से लेकर शाम तक बारिश हुई।
शुक्रवार रात और शनिवार दोपहर से लेकर शाम तक हुई बारिश से जंगलों में लगी आग बुझ गई है। बारिश से जमीन में नमी भी आई है। जंगलों में लगी आग के कारण चारों ओर जो धुआं फैला था वह भी साफ हो गया है।