अब सुबह सात से दोपहर दो बजे तक खुलेंगे बाजार
कोरोना संक्रमण के लगातार बढ़ते खतरे को देखते हुए नगर क्षेत्र गौचर का बाजार अब सुबह सात बजे से दोपहर दो बजे तक ही खुला रहेगा। यह निर्णय व्यापार संघ गौचर की ओर से लिया गया है।
संवाद सूत्र, गौचर: कोरोना संक्रमण के लगातार बढ़ते खतरे को देखते हुए नगर क्षेत्र गौचर का बाजार अब सुबह सात बजे से दोपहर दो बजे तक ही खुला रहेगा। यह निर्णय व्यापार संघ गौचर की ओर से लिया गया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल व महामंत्री भूपेंद्र बिष्ट ने कहा कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए व्यापारियों व स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा के मद्देनजर 23 मई से 31 मई तक गौचर क्षेत्र के व्यापारिक प्रतिष्ठानों का समय सुबह सात से दोपहर दो बजे निर्धारित किया गया है, जिसकी सूचना स्थानीय पुलिस चौकी सहित व्यापारियों को दी गई है।
गैरसैंण व मेहलचौरी में खुले बाजार
गैरसैंण: तहसील गैरसैंण व मेहलचौरी के व्यापारिक संगठनों ने कोरोना संक्रमण को लेकर 31 मई तक बाजार बंदी का निर्णय वापस ले लिया है। शनिवार को बाजार खोल दिया गया, जिसके बाद क्षेत्र के लोगों ने आवश्यक वस्तुओं की खरीददारी की। व्यापारियों का कहना है कि आम जनता को बाजार बंद होने से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। व्यापार संघ अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि अब व्यापारिक प्रतिष्ठान सुबह सात से दोपहर दो बजे तक खुलेंगे ताकि आम जनता को लॉकडाउन के दौरान आवश्यक वस्तुओं की किल्लत का सामना न करना पड़े।