Avalanche in Uttarakhand: भारत-चीन सीमा पर एवलांच आने से हड़कंप, वीडियो और तस्वीरों में देखें खतरनाक मंजर
Avalanche in Uttarakhand रविवार से उत्तराखंड के उच्च हिमालयी इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है। मलारी में हिमस्खलन होने की सूचना है। आपदा प्रबंधन विभाग घटना की जानकारी जुटाने में लग गया है। हिमस्खलन से नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
टीम जागरण, चमोली: Avalanche in Uttarakhand: रविवार से उत्तराखंड के उच्च हिमालयी इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है। वहीं इस बीच चमोली जिले के मलारी में हिमस्खलन की घटना सामने आई है।
हिमालयी क्षेत्र चमोली जिले में एवलांच की घटनाएं होती रहती हैं। सोमवार को भी यहां जोशीमठ से 100 किमी आगे हिमस्खलन की घटना हुई है। मलारी गांव के पास का जो वीडियो सामने आया है। उसमें ग्लेशियर टूटकर कुंती नाले में समाता हुआ दिख रहा है। ये नाला भारत-चीन सीमा को जोड़ने वाले बॉर्डर की सड़क पर है।
ग्लेशियर टूटने से चारों ओर बर्फ का धुआं उठा
बताया गया कि सोमवार को मलारी नाले में ग्लेशियर टूटने से चारों ओर बर्फ का धुआं उठा। मलारी में ग्लेशियर टूटने से हिमस्खलन हुआ है। जिसके बाद से यहां अफरातफरी का माहौल है। इन दिनों यहां सेना, आईटीबीपी के जवान और बीआरओ के र्मचारी रहते हैं। घटना के बाद से आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट मोड में है और हिमस्खलन की घटना की जानकारी जुटाने में लग गया है।
फिलहाल किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है। इस क्षेत्र में एवलांच की यह कोई पहली घटना नहीं है। लेकिन गांव के पास पहली बार एवलांच आया है। वहीं पूरे चमोली जिले में मौसम सर्द बना हुआ है। जहां ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है। निचले इलाकों में सोमवार सुबह से ही बारिश जारी है।
इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
जानकारी के मुताबिक सोमवार की सुबह हिमस्खलन जोशीमठ ब्लाक के भारत-चीन सीमा स्थित मलारी गांव के पास कुंती नाले में आया। जिसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने कहा है कि घटना की जानकारी जुटाई जा रही है।
Avalanche in Uttarakhand: भारत-चीन सीमा में हुआ भारी हिमस्खलन, अलर्ट मोड में आपदा प्रबंधन विभाग… #Avalanche pic.twitter.com/NQUolnnLmz
— Neha Bohra (@neha_suyal) January 30, 2023
उत्तराखंड के मैदानों में वर्षा और पहाड़ियों पर बर्फबारी
प्रदेशभर में मैदानी क्षेत्रों में पिछले 12 घंटे से वर्षा और पहाड़ में भारी बर्फबारी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार सोमवार को भी उत्तराखंड में वर्षा और बर्फबारी का आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
रविवार देर शाम छह बजे से दून समेत कई क्षेत्रों में वर्षा शुरू हो गई थी, चारधाम की चोटियों, हर्षिल, हेमकुंड साहिब, गोरसों, नेलांगघाटी, धनोल्टी आदि क्षेत्र में हल्का हिमपात शुरू हो गया था। देर रात दो बजे बाद बर्फबारी तेज हो गई जो सुबह आठ बजे तक जारी रही। इस दौरान नागटिब्बा में मौसम का तीसरा हिमपात हुआ।
देहरादून, रुड़की, हरिद्वार, ऋिषकेश, पौड़ी, टिहरी, उत्ताकरशी, चमोली एवं रुद्रप्रयाग के निचले इलाकों में वर्षा होने से न्यनूतम तापमान में पांच से छह डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई।
चकराता और धनोल्टी समेत चारधाम में बर्फबारी
चकराता और धनोल्टी में भी ताजा बर्फबारी हुई है। वहीं बदरीनाथ, केदानाथ, गंगोत्री एवं यमुनोत्री में एक से तीन फिट बर्फ गिरी चुकी है। सुबह नौ बजे बाद वर्षा और बर्फबारी का दौर कुछ थमा है लेकिन मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सोमवार देर रात तक वर्षा और बर्फबारी का दौर जारी रहेगा।