गढ़वाल राइफल्स का 14-सदस्यीय दल शिलासमुद्र रवाना
संवाद सूत्र, देवाल (चमोली): गढ़वाल राइफल्स के जवानों का 14-सदस्यीय दल विशेष अभियान पर सोमवार
संवाद सूत्र, देवाल (चमोली): गढ़वाल राइफल्स के जवानों का 14-सदस्यीय दल विशेष अभियान पर सोमवार को श्री नंदा देवी राजजात ट्रैक पर शिलासमुद्र के लिए रवाना हुआ। दल को पूर्वी पिंडर रेंज देवाल के वन दारोगा त्रिलोक सिंह बिष्ट ने हाई कोर्ट के आदेश का हवाला देकर वाण गांव में रोकने की कोशिश की। लेकिन, ग्रुप कैप्टन का कहना था कि वन विभाग के उच्चाधिकारियों से मिली अनुमति के बाद ही दल बुग्याली क्षेत्र में जा रहा है। जबकि, बिष्ट का कहना था कि नैनीताल हाई कोर्ट की ओर से बुग्यालों में कैंपिंग पर प्रतिबंध के चलते वहां रात्रि विश्राम नहीं किया जा सकता।
शिलासमुद्र के अभियान पर निकले सेना के इस दल को दो दिन वेदनी बुग्याल, एक दिन भगुवाबासा और एक दिन शिलासमुद्र में रात्रि विश्राम करना है। वन दारोगा त्रिलोक सिंह बिष्ट को जब इस बारे में पता चला तो उन्होंने दल को रोकने का प्रयास किया। साथ ही इसकी जानकारी डीएफओ बदरीनाथ एनके पांडे को भी दी। इस संबध में डीएफओ पांडे ने बताया कि ग्रुप कैप्टन ने मुख्यालय स्तर से अनुमति मिलने की बात कही है। बहुत संभव है कि सेना के अभियान को बुग्याली क्षेत्रों में कैंपिंग की छूट हो। हालांकि, इस बारे में कोई सूचना उनके पास नहीं है। इसलिए विस्तृत जानकारी के लिए उनके स्तर से मुख्य वन्य जीव संरक्षक को पत्र लिखा जा रहा है।