मेहनत व लगन से हर मंजिल आसान : प्रियंका
यूपीएससी परीक्षा में 257वीं रैंक हासिल करने वाली देवाल के दूरस्थ गांव रामपुर निवासी प्रियंका का विकासखंड पहुंचने पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने स्वागत किया।
संवाद सूत्र, देवाल : यूपीएससी परीक्षा में 257वां स्थान हासिल करने वाली देवाल के दूरस्थ गांव रामपुर निवासी प्रियंका का विकासखंड मुख्यालय पहुंचने पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने स्वागत किया। इस दौरान प्रियंका ने युवाओं से अनुभव साझा करते हुए कहा कि मेहनत व लगन से हर मंजिल आसान हो जाती है।
ब्लॉक सभागार में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में क्षेत्रीय जनता का आभार प्रकट करते हुए प्रियंका ने कहा कि जो भी युवा सिविल सेवा की तैयारी कर रहे हैं, वे अपनी रुचि के अनुसार ही विषय को चुने। परीक्षा को लेकर वह उनकी हर संभव मदद करेगीं। हर विषय का मन लगाकर अध्ययन करना चाहिए। सामान्य ज्ञान के लिए समाचार पत्र व साहित्य का अध्ययन करें। मोबाइल व टीवी में अनावश्यक समय व्यतीत न करें। समारोह में उनकी माता विमला देवी व पिता दीवान राम भी पहुंचे थे। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य कृष्णा बिष्ट, आशा धपोला, संगीता देवी, इंद्र सिंह राणा, नरेंद्र सिंह, उर्मिला बिष्ट, नंदा देवी, युवराज बसेड़ा, राजेंद्र सिंह, रघुवीर सिंह, पुष्कर सिंह आदि उपस्थित रहे।