भाजपा सरकार ने की जन भावनाओं की अनदेखी: हरीश रावत
आदि बदरी में मकर संक्रांति से शुरू कांग्रेस की जनसंपर्क यात्रा का कर्णप्रयाग, गौचर व गैरसैंण पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
संवाद सूत्र, कर्णप्रयाग/गौचर/गैरसैंण: आदि बदरी में मकर संक्रांति से शुरू कांग्रेस की जनसंपर्क यात्रा का कर्णप्रयाग, गौचर व गैरसैंण पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
यात्रा के कर्णप्रयाग पहुंचने पर पंप परिसर से मुख्य बाजार तक पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का कांग्रेस नगर व ब्लॉक ईकाई ने गाजेबाजे के साथ स्वागत किया। इस दौरान मुख्य बाजार में आयोजित जनसभा में पूर्व सीएम ने भाजपा सरकार पर विकास विरोधी होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार का इंजन स्टार्ट नहीं हो पाया है। जिसके चलते जनता बेरोजगारी, महंगाई से त्रस्त है। इस मौके पर पूर्व डिप्टी स्पीकर डॉ. एपी मैखुरी, केदारनाथ विधायक मनोज रावत, पूर्व विधायक डॉ. जीतराम, कांग्रेस जिलाध्यक्ष बिरेंद्र सिंह रावत, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता हरिकृष्ण भट्ट, नगर अध्यक्ष महेश खंडूड़ी, हरीश सती आदि मौजूद रहे।
वहीं गौचर नगर क्षेत्र में भी पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान आयोजित जनसभा में पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष संदीप नेगी, नगर अध्यक्ष विजय प्रसाद डिमरी, पूर्व पालिका अध्यक्ष मुकेश नेगी, कमल सिंह रावत, ताजवर सिंह, अर्जुन नेगी सहित कई कांग्रेसी मौजूद रहे।
भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर में हो रहे धीमे कार्य पर जताई नाराजगी
बुधवार को आइएनसी राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत गैरसैंण पहुंचे। नगर स्थित रामलीला मैदान में आयोजित सभा में उन्होंने निर्माणाधीन भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर में धीमी गति से किए जा रहे कार्यो पर नाराजगी जताई। कहा कि भाजपा सरकार गैरसैंण को नेपथ्य में धकेलने का प्रयास कर रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कि भराड़ीसैंण में सचिवालय निर्माण के लिए तत्कालीन सरकार ने 57 करोड़ की धनराशि स्वीकृत कर कार्यदायी संस्था को चार करोड़ आवंटित किए थे। लेकिन, वर्तमान सरकार मिनी सचिवालय का शिगूफा छोड़ रही है। जबकि, पूर्व में स्वीकृत कार्य रोक दिए गए हैं। कहा कि गैरसैंण को प्रदेश के हर कोने से जोड़ने के लिए गैरसैंण सड़क विकास निगम स्थापित कर आठ सड़कों को स्वीकृति दी गई थी। वहीं स्थानीय विकास परिषद बनाकर कर्णप्रयाग से चौखुटिया के बीच क्षेत्र के विकास की परियोजना तैयार की गई थी। लेकिन, डेढ़ वर्ष पूर्व भराड़ीसैंण जिस जगह खड़ा था, वहां से एक कदम भी आगे नहीं बढ़ सका है। इससे पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च कर आम लोगों से पार्टी से जुड़ने का आह्वान किया। इस मौके पर पूर्व विधायक मदन बिष्ट, सुरेश कुमार, सुरेंद्र सिंह, सुमति बिष्ट, बिरेंद्र रावत, कुंवर सिंह, सरोज शाह, धनीराम आदि मौजूद थे।