भारत चीन सीमा पर सैनिकों का मनोबल बढ़ाने पहुंची बाइक रैली
भारत चीन सीमा पर सैनिकों के मनोबल बढ़ाने को लेकर दिल्ली से राइड फॉर सेवा बाइक रैली का आयोजन किया गया।
जोशीमठ, चमोली [जेएनएन]: सेवा इंटरनेशनल की ओर से भारत चीन सीमा पर सैनिकों के मनोबल बढ़ाने को लेकर दिल्ली से राइड फॉर सेवा बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस बाइक रैली के जरिये सेवा इंटरनेशनल के कार्यकर्ताओं ने आम लोगों को सेना की ओर से किए जा रहे कार्यों को गिनाया। साथ ही लोगों को सेना में भर्ती होकर देश सेवा करने का आह्वान किया।
इंडिया गेट से 13 अगस्त को शुरू हुई बाइक रैली भारत चीन सीमा पर भारत के सीमांत गांव गमशाली व नीती तक पहुंची। बाइक रैली में मौजूद लोगों ने आइटीबीपी की नीती में स्थित अग्रिम चौकी में आइटीबीपी के अधिकारियों को केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह का संदेश पढ़ाया। अपने संदेश में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने सीमा पर तैनात जवानों की हौसला अफजाई की है।
उन्होंने देश सेवा में तैनात जवानों की पीठ थपथपाई है। इस रैली में 28 सदस्य 13 बाइक लेकर नीती घाटी तक पहुंचे। दल ने नीती व गमशाली में तिरंगा झंडा फहराकर जवानों का हालचाल जाना। दल के सदस्यों ने पीपलकोटी व तपोवन में पौधरोपण व स्वच्छता अभियान चलाया।
करछों गांव में सांस्कृतिक सैन्य विरासत को झुमैलो व गोरिल नृत्य के माध्यम से समझाया गया। सेवा इंटरनेशनल के कार्यक्रम प्रबंधक अभिषेक कुमार ने कहा कि सेवा इंटरनेशनल गांवों में रोजगार के अवसर पैदा करने का प्रयास कर रही है। ग्रामीण पर्यटन विकास कर स्थानीय समुदाय का आर्थिक विकास भी किया जा रहा है। दल के सदस्य मनोज बेंजवाल का कहना है कि घाटी में तेजी से पलायन हो रहा है। इस अवसर पर विजय रावत, फाल्गुनी पाठक, लोकेंद्र बलोधी, विवेक आदि मौजूद थे।
यह भी पढ़ें: नाबालिग बहनों के ब्याह ने बदली जीवन की धारा, साइकिल ले मिशन पर निकला
यह भी पढ़ें: सरहद की रक्षा के साथ बीएसएफ के जवान परिंदों की भी कर रहे हिफाजत
यह भी पढ़ें: उत्तरकाशी में पंख फैलाने की तैयारी में है बर्ड वाचिंग पर्यटन