बदरीनाथ हाईवे भूस्खलन से हुआ बंद, 150 वाहन फंसे
ऑलवेदर रोड कार्य के चलते बदरीनाथ हाईवे पर कर्णप्रयाग व नंदप्रयाग के बीच देवलीबगड़ में भारी बोल्डर गिरने से हाईवे बाधित हो गया। इससे हाइवे पर करीब डेढ़ सौ वाहन फंस गए।
गोपेश्वर, चमोली [जेएनएन]: ऑलवेदर रोड कार्य के चलते शनिवार की रात करीब आठ बजे बदरीनाथ हाईवे पर कर्णप्रयाग व नंदप्रयाग के बीच देवलीबगड़ में भारी बोल्डर गिरने से हाईवे बाधित हो गया। इससे हाइवे पर यात्रियों व बारात के करीब डेढ़ सौ वाहन फंस गए। प्रशासन ने यात्रियों को पास के होटलों में ठहरा दिया है। प्रशासन का कहना है कि सुबह तक मार्ग खुलवाकर यात्रियों को गंतव्य के लिए भेज दिया जाएगा।
इन दिनों बदरीनाथ हाईवे पर ऑलवेदर सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। शनिवार की रात करीब आठ बजे कर्णप्रयाग से करीब दस किमी बदरीनाथ की ओर देवलीबगड़ में भारी बोल्डर सड़क पर आ गए। इसके बाद काफी देर तक यहां पर भूस्खलन होता रहा, जिस कारण मार्ग नहीं खोला जा सका। मार्ग बाधित होने से बारात के वाहनों के साथ- साथ यात्रियों के भी करीब डेढ़ सौ वाहन फंस गए। मार्ग बाधित होने की सूचना पर प्रशासन ने तत्काल यात्रियों को नंदप्रयाग, सोनला , लंगासू कर्णप्रयाग के होटलों में ठहराया गया है।
चमोली के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि हाईवे खोलने का कार्य चल रहा है। यात्री स्थानीय होटलों में ठहरे हैं। रात में ही हाइवे को खोलने का प्रयास जारी है।
यह भी पढ़ें: एंबुलेंस का टायर फटा, बाइक को रौंदते हुए पेड़ से टकराई; तीन की मौत
यह भी पढ़ें: स्कूल बस ने मारी टक्कर, सड़क किनारे पलटते हुए गड्ढे में गिरी कार