जिले में 108 चिकित्सा वाहन घायल
संवाद सहयोगी गोपेश्वर चमोली जिले में आपातकालीन सेवा 108 एंबुलेंस उधारी में डीजल न मिलने के
संवाद सहयोगी, गोपेश्वर: चमोली जिले में आपातकालीन सेवा 108 एंबुलेंस उधारी में डीजल न मिलने के कारण बंद हो गई है। जबकि कुछ एंबुलेंस तकनीकी खराबी व कर्मचारियों की कमी के कारण भी समय पर नहीं चल पा रही है। बताया गया कि सात मार्च को 108 संचालन कंपनी की सेवा समाप्त हो रही है। ऐसे में कंपनी इन वाहनों पर रख रखाव का खर्चा भी नहीं कर रही है।
चमोली जिले में कुल 16 एंबुलेंस वाहन 108 सेवा के तहत संचालित हो रहे हैं। वर्तमान समय में जिले में 108 सेवाओं की बुरी स्थिति है। जोशीमठ, कर्णप्रयाग, चमोली, गैरसैंण, तलवाड़ी एंबुलेंस संचालित नहीं हो रही है। बताया गया कि कर्णप्रयाग व चमोली एंबुलेंस को उधारी में ईधन नहीं मिल रहा है। जबकि जोशीमठ की एंबुलेंस चमोली में चल रही है। नंदप्रयाग स्थित एंबुलेंस दिन में संचालित हो रही है। रात में इस एंबुलेंस पर स्टाफ नहीं है। आदिबदरी, गैरसैंण की एंबुलेंस मात्र लोकल में ही मरीजों को ला रही है। ये एंबुलेंस तीन किमी क्षेत्र में ही चल रही है। तलवाड़ी में तैनात एंबुलेंस कर्मचारी छुट्टी पर होने के कारण सिर्फ रात्रि को ही चल रही है। पोखरी की एंबुलेंस भी ईंधन की कमी व अन्य कारणों से सिर्फ पांच किमी क्षेत्र में ही चल रही है। गैरसैंण, कर्णप्रयाग की एंबुलेंस में तकनीकी खराबी भी है। 108 सेवाओं की स्थिति दयनीय होने का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। 108 खुशियों की सवारी कर्मचारी यूनियन के प्रदेश प्रवक्ता रमेश डंगवाल का कहना है कि ईंधन न मिलने के कारण 108 सेवाएं प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि चमोली जिले में पेट्रोल पंपों से ईंधन उधार में नहीं मिल पा रहा है। कहा कि जनवरी माह से कर्मचारियों को भी वेतन नहीं मिला है तथा सेवा कंपनी जीवीके का अनुबंध सरकार से सात मार्च को समाप्त हो रहा है। कर्मचारियों को सेवा समाप्त के नोटिस भी दिए जा चुके हैं।
प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी चमोली डॉ.दिनेश चौहान का कहना है कि जिले में पांच नई 108 एंबुलेंस है। जो सही हालत में है। लेकिन उन्हें डीजल न मिलने से चलाने में दिक्कत हो रही है। इसके अलावा अन्य वाहनों में भी संचालन में बार बार दिक्कतें आ रही है। स्वास्थ्य महानिदेशक को जानकारी दी गई है।
फोटो। 22 जीओपीपी 3
कैप्शन। नंदप्रयाग में खड़ी 108 चिकित्सा वाहन सेवा के वाहन। जागरण