युवक ने पोल पर चढ़कर दी आत्महत्या की धमकी
संवाद सूत्र, गरुड़: पारिवारिक समस्या से परेशान एक युवक बिजली के पोल पर चढ़ गया। बमुश्किल उसे पुलिस ने
संवाद सूत्र, गरुड़: पारिवारिक समस्या से परेशान एक युवक बिजली के पोल पर चढ़ गया। बमुश्किल उसे पुलिस ने मान मनोव्वल के बाद नीचे उतारा। पुलिस युवक को गिरफ्तार कर ले गई।
बाजार निवासी केशव दत्त जोशी और मोहन चंद्र जोशी सगे भाई हैं। दोनों भाइयों की गरुड़ बाजार में दुकानें हैं। दोनों में लंबे समय से विवाद चल रहा है। दोनों का पूर्व में एसडीएम ने शांति भंग में चालान भी किया है। बुधवार को मोहन चंद्र जोशी की पत्नी राधा जोशी ने पुलिस को एक प्रार्थना पत्र देकर केशव दत्त जोशी और उसके लड़के पर आए दिन परेशान करने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की थी। जिस पर गुरुवार को महिला उप निरीक्षक निधि शर्मा, कांस्टेबल सुमन कार्की, कमल चंद्र, प्रकाश नेगी जांच के लिए गरुड़ बाजार स्थित उनके आवास पर गए। इस पर केशव दत्त जोशी का पुत्र कृष्णा जोशी बौखला गया और इधर -उधर को जाने लगा। पुलिस से आंख मिचौली करते हुए युवक कृष्णा जोशी अचानक सड़क के किनारे पर स्थित बिजली के पोल में चढ़ गया और आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। उसे देखकर पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। देखते ही देखते सड़क पर व्यापारियों और अन्य लोगों की भीड़ जमा हो गई। बाजार में एक बार हंगामे की जैसी स्थिति हो गई। मौके पर गए पुलिस कर्मियों ने इसकी सूचना तत्काल थानाध्यक्ष मदन लाल को दी। थानाध्यक्ष दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने भीड़ को तितर-बितर किया। उन्होंने पोल में चढ़े युवक को काफी समझाया और बमुश्किल मान मनौव्वल के बाद उसे नीचे उतारा। उसके बाद पुलिस उसे गिरफ्तार कर थाने ले आई। ======== पुलिस से की मारपीट
गरुड़: विद्युत पोल में चढ़ने से पहले युवक कृष्णा जोशी ने पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट भी की। जिससे पुलिस कर्मियों के हाथ में मामूली चोट भी आई है। पोल में चढ़ने से पहले युवक कई गाड़ियों के नीचे भी घुस गया। जिस पर पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। ============= ताऊ पर सीवर छोड़ने का लगाया आरोप
गरुड़: आरोपित युवक कृष्णा ने अपने ताऊ मोहन चंद्र जोशी पर नाली में सीवर छोड़ने और उसे बहाने का आरोप लगाया है। उसने बताया कि सीवर की बदबू से वह और उसका परिवार लंबे समय से परेशान है। उसने बताया कि कुछ दिन पूर्व उसने इसकी शिकायत लिखित रुप से एसडीएम से भी की थी। युवक के ताऊ मोहन चंद्र जोशी ने उसके आरोप को निराधार बताया है। ============ शट डाउन कर पुलिस ने दिया सूझबूझ का परिचय गरुड़: आरोपित युवक के पोल पर चढ़ते ही पुलिस ने तुरंत विद्युत विभाग के कर्मचारियों को फोन कर गरुड़ बाजार की विद्युत लाइन का शट डाउन कराकर सूझबूझ का परिचय दिया। अन्यथा युवक किसी अनहोनी का शिकार भी हो सकता था।