मौसम का मिजाज फिर बदला, रिमझिम बारिश
मौसम का मिजाज बुधवार को भी बदलता रहा। सुबह आसमान में हल्के बादल छाए रहे।
जासं, बागेश्वर: मौसम का मिजाज बुधवार को भी बदलता रहा। सुबह आसमान में हल्के बादल छाए रहे। कुछ समय बाद धूप निकली और फिर से आसमान में बादल छा गए। दोपहर बाद रिमझिम बारिश का सिलसिला शुरू हुआ। बारिश से जहां किसानों को राहत मिली है, वहीं बाजार आदि काम के लिए आए लोग भी परेशान रहे।
15 जून से मानसूनी बारिश होने की संभावना रहती है। हालांकि अभी मानसून दूर है। लेकिन लोकल बादल हर रोज बरसने लगे हैं। जिससे गर्मी का एहसास खत्म हो गया है। बारिश किसानों के लिए बेहतर है। धान की नर्सरी पूरी तरह से तैयार हो गई है। कई स्थानों पर धान रोपाई का काम भी शुरू हो गया है। जिससे किसानों के चेहरे खिले हुए हैं। बुधवार को भी मौसम पल-पल बदला। सुबह आसमान में हल्के बादल छाए रहे और कुछ समय पर धूप निखर आई। लेकिन दोहपर बाद फिर मौसम बना और जिले के विभिन्न हिस्सों में रिमझिम बारिश हुई। इधर, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि चार मई को आसमान में आंशिक रूप से लेकर आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार यह सिलसिला छह मई तक जारी रहने की संभावना है।