धरा को हरा भरा बनाने को एकजुट हुए ग्रामीण
हरियाली पर्व कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत अमस्यारी में पौधारोपण किया गया।
जासं, बागेश्वर: हरियाली पर्व कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत अमस्यारी में पौधारोपण किया गया। उतीस, बांज, काफल, देवदार, नीबू, तेजपत्ता आदि पौध रोपित किए गए। इसके अलावा धारे, नौलों की सफाई अभियान भी चलाया गया। गांवों को स्वच्छ रखने और पर्यावरण को बचाने का लोगों ने संकल्प लिया।
वन विभाग गढ़खेत रेंज ने अमस्यारी के ग्रामीणों को हरियाली पर्व कार्यक्रम के तहत उतीस, बांज, काफल, देवदार, नीबू, तेजपत्ता, बांज, फल्यांट आदि प्रजाति के 75 पौध प्रदान किए। पूर्व वन पंचायत सरपंच बसंत बल्लभ जोशी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत की बंजर भूमि, मंदिर परिसर आदि में पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के लिए सभी को एकजुट होना है। कोरोना काल में पर्यावरण के संरक्षण और संवर्धन के लिए समय भी मिल रहा है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वे कम से कम बरसात के सीजन में एक पौध लगाएं। इसके अलावा ग्रामीणों ने नौला, धारे और रास्तों की सफाई की। गांव को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। इस मौके पर ग्राम प्रधान रमेश चंद्र जोशी, जुगल किशोर, दान सिंह, तारा दत्त, आनंद सिंह परिहार, पूरन चंद्र आदि मौजूद थे।