33 केवी की लाइन पर गिरा पेड़, 218 गांवों में अंधेरा
जागरण संवाददाता बागेश्वर कपकोट में 33 केवी की लाइन पर विशालकाय चीड़ का पेड़ गिर गया
जागरण संवाददाता, बागेश्वर : कपकोट में 33 केवी की लाइन पर विशालकाय चीड़ का पेड़ गिर गया। जिससे रविवार की रातभर बिजली गुल रही। 218 गांवों में अंधेरा छाया रहा और दुर्गा पूजा, रामलीला मंचन में भी खलल पैदा हुआ।
कपकोट क्षेत्र की 33 केवी लाइन का जंपर बालीघाट के पास टूट गया। जिससे शाम सात बजे से पूरे क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। बिजली गुल होने से नगर से लेकर गांव तक अंधेरा छा गया। जिसके चलते लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। उनके रोजमर्रा के कामकाज पर भी इसका असर पड़ा। पढ़ाई करने वाले बच्चों को भी बिजली गुल होने से परेशानी हुई। जंगल से लगे गांवों में लोग जल्द घर के भीतर दुबकने को मजबूर हो गए। सुबह तक आपूíत सुचारू नहीं होने से व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ा। सामाजिक कार्यकर्ता रमेश पुरी, व्यापार मंडल अध्यक्ष शेर सिंह ऐठानी, प्रकाश जोशी, दर्वान सिंह, कैलाश सिंह, राजेंद्र सिंह आदि ने कहा क्षेत्र में आए दिन बिजली गुल होना आम हो गया है। कहा रात भर बिजली गुल होने से फ्रिज में रखी खाद्य सामग्री बर्बाद हो गई। जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा। इस दौरान उन्होंने ऊर्जा निगम से इस परेशानी से निजात दिलाने की मांग की।
..............
बालीघाट के पास 33केवी लाइन का जंपर रविवार की शाम को टूट गया। जिसके चलते क्षेत्र की बिजली गुल हो गई थी। सुबह होने पर कर्मचारियों ने लाइन की मरम्मत कर आपूíत सुचारू करा दी है।
-जीवन चंद्र जोशी, जेई ऊर्जा निगम