रातभर धधकते रहे भिटालगांव के जंगल
बागेश्वर जिले के जंगल बीते गुरुवार की रात से धधक रहे हैं। लेकिन वन विभाग इसे बुझाने में रूचि नहीं ले रहा है
जागरण संवाददाता, बागेश्वर: जिले के जंगल बीते गुरुवार की रात से धधक रहे हैं। लेकिन वन विभाग आग बुझाने को कारगर कदम नहीं उठा रहा है। लोगों में वन विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। पिछले हफ्ते से जिले के कई जंगल आग की चपेट में हैं। जिला मुख्यालय के कुकुड़ामाई का जंगल पूरी तरह से आग की भेंट चढ़ चुका है। गरुड़ के जंगलों में भी आग लगी। नगर के चंडिका मंदिर के जंगल भी जले और दूसरी बार भिटलगांव के जंगल धधक गए। पंद्रहपाली और हड़बाड़ के जंगलों को भी आग से नुकसान हुआ है। आग लगने से जंगलों में कई पेड़-पौंधे और जीव-जंतु प्रभावित हो रहे हैं। घास नष्ट होने से किसानों को चारा पत्ती की कमी जाड़ों में होने की आशंका बन रही है।
ग्रामीणों ने कहा कि वन विभाग आग बुझाने को लेकर गंभीर नहीं है। जिसके चलते जंगल लगातार धधकते जा रहे हैं। इधर, बीते गुरुवार को भिटालगांव के जंगलों में आग लग गई। हालांकि सुबह तक पाला गिरने से आग बुझ गई। लेकिन सुबह वातावरण में धुंआ रहा। जिसके कारण आंख, गले और सांस की बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इधर, प्रभागीय वनाधिकारी बीएस शाही ने बताया कि जहां से भी आग की शिकायत आ रही है। वन विभाग की टीम आग बुझा रही है। आग लगाने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
...
सिरोली से लगे जंगल में धधकी आग, वन संपदा को नुकसान
संस, चौखुटिया: तहसील के सिरोली गांव से लगे वन पंचायत जंगल में शुक्रवार को अचानक आग लग गई, जो देखते-देखते पूरे जंगल में फैल गई। आग की लपटें आगे बढ़ती जा रही हैं। इससे चारा के साथ ही वन संपदा को नुकसान पहुंचा है। समझा जा रहा है कि आग अराजक तत्वों द्वारा लगाई गई है। लोगों का कहना कि यदि समय रहतेआग की घटनाएं रोकी नहीं गई तो अन्य जंगल भी चपेट में आ सकते हैं।