नशा रूपी रावण जलाने का लें संकल्प
बागेश्वर पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने कहा कि आज नशे रूपी रावण को जलाने का आह्वान किया।
जागरण संवाददाता, बागेश्वर: पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने कहा कि आज नशे रूपी रावण को जलाने की आवश्यकता है। यह कार्य बिना जन सहयोग के संभव नहीं होगा। नशाखोरी पहाड़ के युवाओं को बर्बाद कर रही है।
पुलिस ने बीते एक माह में चरस, स्मैक के कई मामले पकड़े। यह मामले कम होने के बजाय बढ़ते जा रहे है। इसका एक ही मतलब है पहाड़ में नशाखोरी की प्रवृत्ति बढ़ती जा रही है। इसके समूल नाश के लिए पुलिस लगातार कार्य कर रही है। अब जन सहयोग से व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाए जाने पर भी कार्य कर रही है। पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने बताया कि नशाखोरी गहराई से समाज के अंदर अपनी जड़ें मजबूत कर रही है। युवा पीढ़ी इसकी गिरफत में है। जो मामले पकड़ में आ रहे है उसमें युवा ही शामिल है। वह खुद तो नशा कर ही रहा है वहीं अन्य युवा भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। स्मैक तो ऐसा नशा है जो एक बार इसके चक्कर में आ गया वह फिर बाहर नही निकलता है। नशे की गिरफ्त में आए ऐसे युवाओं की काउंसिलिग की भी जरूरत है।
पुलिस अधीक्षक मिश्रा ने कहा कि बिना जन सहयोग के यह कार्य असंभव है। अपने आस-पास कही भी ऐसे लोगों को नशा करते हुए देखते है तो तुरंत उस पर रिएक्शन करें। पुलिस को भी इसकी तत्काल सूचना दें। सभी थाने, चैकियों को निर्देशित कर दिया गया है। समय-समय पर जन जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे। स्कूल, कालेज के युवक-युवतियों को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा।
------------
अब तक पकड़े गए चरस तस्करी के मामले
1-4 अक्टूबर को 3.39 ग्राम स्मैक बरामद कर एक अभियुक्त गिरफ्तार
2-13 अक्टूबर को 4.49 ग्राम स्मैक बरामद कर एक अभियुक्त गिरफ्तार
3-19 अक्टूबर को 5 किलो 196 ग्राम चरस
4-21 अक्टूबर को 6.88 ग्राम स्मैक के साथ एक गिरफ्तार
......
नशा मुक्त समाज का लिया संकल्प
संवाद सहयोगी, द्वाराहाट : समाज को नशा मुक्त करने के लिए गायत्री परिवार के तत्वावधान में चले नशामुक्ति अभियान के 15 वर्ष पूरे होने पर सदस्यों ने नशा छोड़ चुके लोगों को सम्मानित किया। एक सादे समारोह के दौरान अभियान से जुड़े लोगों ने सफलता पर एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। साथ ही अभियान को जारी रखते हुए समाज से नशे के समूल खात्मे का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मौजूद गायत्री परिवार के वरिष्ठ कार्यकर्ता नवीन जोशी ने बताया कि जन सहयोग के कारण अभियान को आशातीत सफलता मिली है। इस अवसर पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद जोशी, दीप हर्बोला, पूरन चंद्र भट्ट, कुंदन सिंह जीना, शेखर भट्ट, चंदन सिंह अधिकारी, देव सिंह आदि मौजूद रहे।