बीटेक की छात्राओं ने देखी देवकी लघु वाटिका
बागेश्वर में गुरु रामराय यूनिर्विसटी के बीटेक छात्राओं की एक टीम पर्यावरण संबंधी जानकारी जुटा रही है।
जागरण संवाददाता, बागेश्वर: गुरु रामराय यूनिर्विसटी के बीटेक छात्राओं की एक टीम पर्यावरण संबंधी जानकारी लेने को देवकी लघु वाटिका पहुंची। पेड़-पौधों के विस्तृत संसार के बारे में गहनता से जानकारी ली। वाटिका के संरक्षक और वृक्ष मित्र किशन सिंह मलड़ा से वाटिका के रखरखाव, बीजों के जमाव और क्लोन विधि से पौध तैयार करने का प्रशिक्षण भी लिया। देहरादून से पर्यावरण के बारे में जानने के लिए आई टीम में मंजू सुरकाली, ज्योति मेहता और नीलम पांडे शामिल हैं।तीनों बीटेक की छात्राएं हैं, जिन्हें कालेज की ओर से पर्यावरण संबंधी जानकारी जुटाने का असाइनमेंट दिया गया है। वृक्ष मित्र मलड़ा ने बताया कि छात्राओं ने वाटिका के हर पौधे के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पौधों के क्लोन तैयार करना, आयुर्वेदिक पौधों के प्रकार और उनसे होने वाले लाभ जाने। इसके अलावा उन्हें बहुपयोगी पौधों की जानकारी भी दी गई। छात्राओं ने मूंगा रेशम और उसके होने वाले लाभ जाने। पहाड़ में मूंगा रेशम से स्वरोजगार की संभावनाएं भी तलाशी। उन्होंने बताया कि फिलहाल छात्राओं का दल वाटिका में आकर जानकारी जुटा रहा है। इसके बाद एक हफ्ते तक शहीद शांति वन में जाकर पेड़-पौधों के बारे में जानेंगे और पौधों के कारण वहां रिचार्ज हुए जलस्त्रोत का भी अध्ययन करेंगे। इधर, छात्राएं भी वाटिका में पेड़-पौधों के बारे में मिल रहे ज्ञान से उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि वृक्ष मित्र के अलावा उनकी माता देवकी देवी, पत्नी रमा देवी, पुत्र प्रशांत मलड़ा, बहू मनीषा मलड़ा सहित परिवार के अन्य सदस्यों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। जिससे उन्हें पर्यावरण के बारे में जानने में बेहतर मदद मिल रही है।