खतरे को देखकर प्रवासियों को किया होम क्वारंटाइन
तहसील के राप्रावि जिनखोला स्थित क्वारंटाइन सेंटर से तीन प्रवासियों को उनको घरों में क्वारंटाइन किया गया है।
संवाद सूत्र, गरुड़: तहसील के राप्रावि जिनखोला स्थित क्वारंटाइन सेंटर से तीन प्रवासियों को उनके घर भेज दिया है। उन्हें होम क्वारंटाइन रहने को कहा गया है। दैनिक जागरण में खबर छपने के बाद ग्राम प्रधान ने यह कदम उठाया।
बुधवार के अंक में दैनिक जागरण ने तेंदुओं का बसेरा, सुरक्षा को साड़ी व चादर का पर्दा शीर्षक से राप्रावि जिनखोला स्थित खस्ताहाल क्वारंटाइन भवन में रह रहे प्रवासियों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। इस भवन में न दरवाजा था न खिड़की। यहां आए दिन गुलदार का आतंक बना रहता है। दो दिन तीन प्रवासियों ने यहां खतरे में रात बिताई। जागरण में छपी खबर का संज्ञान लेते हुए खतरे को देखकर जिनखोला की ग्राम प्रधान मंजू बोरा व ग्राम प्रहरी चंद्र सिंह भंडारी ने तीनों प्रवासियों को घर भेज दिया और उन्हें होम क्वारंटाइन रहने के निर्देश दिए गए हैं। इससे पहले ग्राम प्रधान मंजू बोरा ने प्रवासियों के सामान को सैनिटाइज किया और उन्हें सरकार की गाइड लाइन का पालन करने को भी कहा।