फूटा पटाखा, गोली चलने की फैली अफवाह
जागरण संवाददाता बागेश्वर खोली के भटोली गांव में गोलियां चलने की सूचना से पुलिस महकमे में ख
जागरण संवाददाता, बागेश्वर : खोली के भटोली गांव में गोलियां चलने की सूचना से पुलिस महकमे में खलबली मच गई। शनिवार की रात एसपी मीडिया ग्रुप में करीब साढ़े नौ बजे किसी ने गोली चलने का मैसेज डाला। बाद में पता चला कि सूअरों को भगाने के लिए किसी ने पटाखा फोड़ा है। तब जाकर पुलिस ने राहत की सांस ली।
शहर से करीब पांच किमी दूर खोली का भटोली गांव स्थित है। शनिवार की रात ग्रुप पर मैसेज आया कि खोली के भटोली में चली गोलियां और गांव में अफरातफरी। जिसके बाद पुलिस में खलबली मच गई और कोतवाल ने पूरी फोर्स को बुला लिया और घटना की जानकारी जुटानी शुरू हो गई। करीब पांच मिनट के भीतर कोतवाली में हलचल मचने लगी और ग्रुप पर मैसेज भेजने वाले से संपर्क किया गया। दूसरी तरफ से उत्तर मिला कि शायद कोई अराजक तत्व हो सकते हैं। करीब 9.55 पर मालूम हुआ कि गोलियां नहीं चलीं थी, जबकि जंगली सूअरों का झुंड गांव में घुस आया था और वह खेती को बर्बाद कर रहे थे। किसी किसान ने घरे पर रख पटाखा फोड़ दिया। शांत गांव में पटाखे की जोरदार आवाज सुनकर पहले लगा की गोली चली है। पुलिस ने करीब आधे घंटे की भारी मशक्कत के बाद राहत की सांस ली। इधर, कोतवाल टीआर वर्मा ने बताया कि गांव में किसी भी प्रकार की गोली नहीं चली। शायद सूअरों को भगाने के लिए किसी ने पटाखा फोड़ा था।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप