कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार का फूंका पुतला
जागरण संवाददाता, बागेश्वर: केंद्र सरकार के चार साल को कांग्रेस ने पूरी तरह फेल बताया है
जागरण संवाददाता, बागेश्वर: केंद्र सरकार के चार साल को कांग्रेस ने पूरी तरह फेल बताया है। कार्यकर्ताओं ने सरकार को आम जनता के लिए नाकाम और कार्पोरेट हितैषी बताया। इस मौके पर केंद्र सरकार का पुतला दहन किया गया। जिला मुख्यालय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला औ एसबीआइ तिराहे पर प्रदर्शन किया। विश्वासघात दिवस मनाते हुए उन्होंने भाजपा की केंद्र सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरा। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने चार साल, देश बदहाल के नारे के साथ पुतला दहन किया। कांग्रेस नगर अध्यक्ष धीरज कोरंगा ने संबोधित करते हुए कहा कि देश की जनता पर सरकार ने नोटबंदी व जीएसटी थोप दिया है। जिससे लोगों का रोजगार छिना और लोग सड़क पर आ गए। उन्होंने कहा कि कई छोटे व मझोले उद्योग धंधे बंद हो गए। जबकि सरकार अपनी नाकामी छिपाने के लिए अच्छे दिन की बात कर रही है। जबकि सच्चाई यह है कि अच्छे दिन सिर्फ कार्पोरेट घरानों के आए हैं। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष गीता रावल ने कहा कि केंद्र सरकार के सभी वादे सिर्फ चुनावी साबित हुए। सत्ता मिलने के बाद वह आम जनता को भूल गई है। जिसका परिणाम है कि लोग रोजगार के नाम पर छले गए हैं। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख रेखा खेतवाल, सुरेश खेतवाल, दीपक खेतवाल, इंद्र ¨सह परिहार, राजेंद्र टंगड़िया, विनोद पाठक, मोहन सिहं परिहार, रंजीत दास, बालकृष्ण, ईश्वर पांडे आदि मौजूद रहे।