बागेश्वर शहर में जाम से निपटने में पुलिस नाकाम
बागेश्वर शहर में जाम से निपटने के लिए यातायात पुलिस पूरी तरह नाकाम हो गई है।
जागरण संवाददाता, बागेश्वर : शहर में जाम से निपटने के लिए यातायात पुलिस पूरी तरह नाकाम हो गई है। शनिवार को माल रोड पर घंटों जाम लगा रहा। केएमओयू की बस से पास लेने में एक कार उसके दरवाजे से फंस गई। उसे निकालने में पुलिस का भी पसीना छूट गया। आए दिन लग रहे जाम से व्यापारियों में आक्रोश है। उन्होंने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। शहर की संकरी सड़कों पर जाम लगना अब नियति बन गया है। इससे व्यापारी और लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नो-इंट्री नहीं होने से छोटे, बड़े और अन्य वाहन शहर में घुस जाते हैं। जिससे सुबह से लेकर शाम तक जाम लगने लगा है। जाम लगने से कामकाजी लोगों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। कार्यालय आदि जाने वाले समय पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। स्कूली बच्चों के वाहन भी जाम का हिस्सा बन रहे हैं। एंबुलेंस, फायर वाहनों का जाम में फंसना भी आम हो गया है। शनिवार को पिडारी रोड से लेकर बस स्टेशन, तहसील रोड, कांडा रोड और माल रोड पर जाम का जाम रहा। केएमओयू की बस से पास लेने पर एक आल्टो कार का दरवाजा फंस गया जिससे जाम और बढ़ गया। व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष हरीश सोनी, बबलू जोशी, शंकू राना, मनोज सिंह, सुंदर सिंह आदि ने कहा कि यातायात पुलिस पूरी तरह नाकाम हो गई है। शहर को नो-इंट्री जोन तक घोषित नहीं किया गया है। वर्तमान में शादी-विवाह का सीजन शुरू हो गया है। जिससे जाम की स्थित और अधिक बढ़ सकती है।उन्होंने कहा कि कोरोना के चलते शारीरिक दूरी नियम भी जाम के कारण तार-तार हो रहा है। इधर, एसपी अमित श्रीवास्तव ने कहा कि जाम से निपटने के यातयात पुलिस को सख्त दिशा-निर्देश दिए हैं।