व्यापारियों के बनेंगे आनलाइन लाइसेंस
बागेश्वर में व्यापारियों के लाइसेंस अब आनलाइन बनेंगे। पालिका 15 रुपये से लेकर 8 रुपये तक के लाइसेंस आनलाइन बनाएगी।
जागरण संवाददाता, बागेश्वर: व्यापारियों के लाइसेंस अब आनलाइन बनेंगे। पालिका 15 रुपये से लेकर 8 हजार रुपये तक का प्रतिवर्ष शुल्क लेगी। जिससे पालिका की आय बढ़ेगी और वित्तीय वर्ष में तीन लाख रुपये लाइसेंस शुल्क का लक्ष्य रखा गया है। अलबत्ता पालिका ने आनलाइन लाइसेंस बनाने और शुल्क जमा करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नगर पालिका परिषद में 600 व्यापारी पंजीकृत हैं। जिसमें फड़ से लेकर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, पानभंडार, जलपान गृह, हलवाई, भोजनालय, बीयरबार समेत 21 मदों में लाइसेंस शुल्क वसूला जाएगा। गुरुवार को शहरी विकास के डायरेक्टर विनोद कुमार सुमन और अपर निदेशक अशोक कुमार पांडे ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिए पालिका के अधिशासी अधिकारी राजदेव जायसी से आनलाइन पंजीकरण और शुल्क की जानकारी हासिल की। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर आनलाइन पंजीकरण के साथ ही शुल्क जमा करने की कार्रवाई पूरी की जाएगी।
ईओ ने बताया कि वर्तमान में व्यापारियों के लाइसेंस आफलाइन बनाए जा रहे थे। शासन से आनलाइन प्रक्रिया शुरू हो गई है। कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी दिया गया है। डिवाइस, पीसी और मोबाइल एप आदि शासन से अभी प्राप्त नहीं हुआ है। वर्तमान में पालिका ने 97 हजार रुपये लाइसेंस शुल्क जमा किया है। 282 लाइसेंस निर्गत कर दिए गए हैं। तीन लाख रुपये इस वित्तीय वर्ष का लक्ष्य रखा गया है। गत वर्ष 2.71 लाख रुपये लाइसेंस शुल्क के रूप में जमा किए गए थे। जिसमें 100 लाइसेंस पालतू कुत्तों के भी शामिल हैं। इस मौके पर अजय कुमार, रणजीत सिंह नेगी, हयात सिंह परिहार आदि मौजूद थे।