फायर ब्रिगेड खोजती रही, नदी में छलांग लगाने वाला तैरकर पहुंच गया घर
बागेश्वर की सरयू नदी में एक व्यक्ति के कूदने की सूचना पर फायर ब्रिगेड ने तलाशी अभियान चलाया, लेकिन वह ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, बागेश्वर। सरयू नदी में एक व्यक्ति के छलांग लगाने की सूचना पर मंगलवार शाम को फायर ब्रिगेड में हड़कंप मच गया। फायर रेस्क्यू टीम ने नदी में काफी देर तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन जिस व्यक्ति को नदी में तलाशा जा रहा था।
वह तैरकर ठंडी सड़क के पास सुरक्षित पहुंच गया। बाद में वह पुलिस के सामने भी पहुंचा और उसे सुरक्षित कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
फायर स्टेशन बागेश्वर को डीसीआर के माध्यम से सूचना मिली कि विकास भवन रोड के पास एक व्यक्ति ने सरयू नदी में छलांग लगा दी है।
स्टेशन प्रभारी एलएफएम त्रिलोक राम के निर्देशन में फायर रेस्क्यू टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने अग्निकुंड पुल क्षेत्र से सरयू नदी में सर्च अभियान शुरू किया। फायर कर्मी नदी में व्यक्ति की तलाश कर ही रहे थे कि वह तैरकर ठंडी सड़क के पास सुरक्षित पहुंच गया।
पूछताछ में उसने अपना नाम 38 वर्षीय मनोज कार्की पुत्र नंदन सिंह कार्की, निवासी छानी भाटखोला, काफलीगैर बताया। मनोज से नदी में छलांग लगाने का कारण पूछा गया तो उसने बताया कि उसे नदी में कुछ तैरता हुआ दिखाई दिया था।
उसी को देखने के लिए उसने नदी में छलांग लगा दी थी। हालांकि, सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड ने किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए तत्काल सर्च अभियान शुरू कर दिया था।
मौके पर कोतवाली पुलिस और 112 की टीम भी मौजूद रही। फायर रेस्क्यू टीम ने मनोज को सुरक्षित कोतवाली पुलिस के सुपुर्द किया और वापस फायर स्टेशन लौट गई।
यह भी पढ़ें- बागेश्वर में भूस्खलन का कहर: मंडलसेरा कॉलेज मार्ग और एनएच रवायखाल बंद
