बागेश्वर में स्टोर रूम में घुसा गुलदार, कुत्ते को मारकर वहीं डाला डेरा
बागेश्वर के गवाटा गांव में एक गुलदार स्टोर रूम में घुस गया और कुत्ते को मार डाला, जिससे ग्रामीण दहशत ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, बागेश्वर । थकलाड ग्राम पंचायत के गवाटा गांव में गुरुवार रात एक गुलदार मकान के स्टोर रूम में घुस गया। कमरे में बंद कुत्ते को गुलदार ने मार डाला और उसका शिकार करने के बाद वहीं डेरा जमा लिया। रातभर गुलदार की मौजूदगी से ग्रामीण दहशत में रहे।
ग्रामीणों का आरोप है कि रात में ही वन विभाग को सूचना देने के बावजूद टीम सुबह तीन बजे पहुंची। सुबह छह बजे गुलदार को बेहोश कर पकड़ने के लिए दूसरी टीम भी पहुंची, लेकिन काफी देर तक रेस्क्यू नहीं हो सका। वन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।
गवाटा निवासी मोहन सिंह रावत के मकान के स्टोर रूम में गुरुवार रात करीब 10 बजे गुलदार घुस गया। बताया गया कि उनकी पत्नी विमला देवी अपने कुत्ते को बाहर शौच कराने के बाद वापस कमरे में ले आईं। उन्हें पता नहीं चला कि स्टोर रूम में पहले से गुलदार मौजूद है। उन्होंने कुत्ते को अंदर कर दरवाजा बाहर से बंद कर दिया।
इस तरह कमरे में कुत्ता और गुलदार दोनों बंद हो गए। कुछ देर बाद कमरे से कुत्ते के भौंकने और गुलदार के गुर्राने की आवाज आने लगी। पास के कमरे में मौजूद विमला देवी तथा उनका पुत्र कवींद्र सिंह को अनहोनी का आभास हुआ। जब उन्होंने स्थिति समझी तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने गांव के अन्य लोगों को सूचना दी। गनीमत रही कि दरवाजा बंद होने के कारण गुलदार घर के अन्य हिस्सों में नहीं पहुंचा और परिवार के लोग सुरक्षित रहे। उनके अनुसार गुलदार ने करीब 40 हजार रुपये कीमत के कुत्ते को मार डाला।
रातभर दहशत में रहे ग्रामीण, रेस्क्यू में देरी पर सवाल
सामाजिक कार्यकर्ता विपिन चंद्र जोशी ने बताया कि वन विभाग को रात में ही घटना की सूचना दे दी गई थी, लेकिन टीम सुबह करीब तीन बजे मौके पर पहुंची। इसके बाद सुबह छह बजे गुलदार को बेहोश कर पकड़ने के लिए दूसरी टीम पहुंची।
इसके बावजूद गुलदार को पकड़ा नहीं जा सका था। उन्होंने कहा कि गुलदार के कमरे में बंद होने के बावजूद रेस्क्यू में देरी से ग्रामीण दहशत में हैं। उन्होंने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की।
इधर, प्रभागीय वन अधिकारी प्रकाश चंद्र आर्य ने बताया कि मौके पर टीम भेज दी गई है। वह स्वयं भी घटनास्थल का निरीक्षण करने जा रहे हैं। गुलदार को बेहोश कर पकड़ने की कार्रवाई की जाएगी।
