गैस रिसने से रसोई खाक, महिला झुलसी
खाना पकाते समय रसोई गैस का सिलेंडर रिसने से एक रसोई पूरी तरह जल गई।
जागरण संवाददाता, बागेश्वर: खाना पकाते समय रसोई गैस का सिलेंडर रिसने से एक रसोई पूरी तरह खाक हो गई है। एक महिला झुलस गई है और उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। पीड़ित का आधा मकान जल गया है और फायर सर्विस ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पटवारी के अनुसार पीड़ित को करीब 50 हजार रुपये का नुकसान आंका गया है। काफलीगैर तहसील के रिखेल, नागर गांव में शुक्रवार की सुबह भगवती देवी पत्नी (41) स्व. रविद्र सिंह भंडारी रसोई गैस में खाना बना रही थी। सिलेंडर से गैस रिसने लगी और पूरे रसोई घर को आग ने पकड़ लिया। महिला ने आग बुझाने की नाकाम कोशिश की। अफरातफरी में वह झुलस गई और चिल्लाने लगी। आसपास के लोग वहां पहुंच गए और पुलिस, फायर को फोन पर इतला किया गया। करीब पौने घंटे में जिला मुख्यालय से फायर का वाहन गांव पहुंचा। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। एफएसएसओ महेश चंद्र ने बताया कि फायर युनिट ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच डिलीवरी होज कि एक पाइप लाइन बिछाकर मोटर फायर इंजन से पंपिग कर आग को बुझाया। आग से घर में रखा चावल, आटा, सब्जी, दाल, कपड़े आदि जलकर खाक हो गए। मकान की छत में लगी बल्लियां आदि भी पूरी तरह जल चुकी हैं। जिससे मकान का आधा हिस्सा रहने लायक नहीं रहा है। क्षेत्रीय पटवारी एमएस राठौर ने अनुसार करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। इस दौरान एसओ झिरौली मदन लाल, जगदीश चंद्र, एफएम जितेंद्र पाल, दीपक वर्मा, सूरज सिंह आदि ने आग बुझाने में सहयोग किया। इधर, एसओ ने बताया कि महिला के तीन बच्चे हैं। घटना के समय वे बाहर थे। जिससे वे बालबाल बच गए।