जनता का जनादेश मंजूर : महेश
जागरण संवाददाता, बागेश्वर : नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव हारे कांग्रेस प्रत्याशी महेश कांड
जागरण संवाददाता, बागेश्वर : नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव हारे कांग्रेस प्रत्याशी महेश कांडपाल ने कहा कि जनता का जनादेश मंजूर है। पार्टी कमजोर संगठन से हारी है। इसको लेकर प्रदेश स्तर पर मंथन होगा और संगठन को मजबूत बनाने पर बल दिया जाएगा। जिला पंचायत गेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में कांडपाल ने कहा कि पार्टी ने जिले का विकास कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्रियों ने किया। जनता ने पार्टी का मूल्यांकन जिस रूप में किया है वह स्वीकार है। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर संगठन वोटरों तक नहीं पहुंच पाया। संगठन के लोगों को अपनी आत्मा की आवाज सुनकर मंथन करना होगा। उन्होंने कहा कि पंचायत और लोकसभा चुनाव नजदीक है। 2019 में लोकसभा चुनाव एक चुनौती है। उन्होंने कहा कि चुनाव में भीतरघात करने वालों के खिलाफ पार्टी हाइकमान कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए पार्टी हाइकमान अच्छा निर्णय लेगी। नगर निकाय चुनाव में तीन सदस्यों ने जीत हासिल की है। हार की समीक्षा की जाएगी और चुनाव में कुठाराघात हुआ है। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, राजेंद्र टंगड़िया, सुनीता टम्टा, पार्वती टंगड़िया, मनोज आदि मौजूद थे।