नशे की गिरफ्त में पहाड़ के गांव, बढ़ रहे अपराध
बागेश्वर जिले में नशे की लत पूरा करने के लिए पहाड़ के युवकों में चोरी करने की प्रवृत्ति बढ़ने लगी है
जागरण संवाददाता, बागेश्वर: नशे की लत पूरा करने के लिए पहाड़ के युवक चोरी करने लगे हैं। ऐसी घटनाएं पहले मैदानी क्षेत्रों में होती थीं मगर अब पहाड़ पर भी होने से लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं। एक ताजा उदाहरण 24 अक्टूबर को रहा, जिसमें एक युवक अपने चाची के घर ही लाखों का सामान चोरी कर लिया। मगर पुलिस ने कुछ घंटों में ही मामले का खुलासा कर दिया। पहले की तरह अब पहाड़ के गांव की भी सुरक्षित नहीं रहे। पहले गांवों के घरों में ताले नही लटकते थे। वह अपना दरवाजा बंद कर खेतीबाड़ी का काम आसानी से कर लेती थी। सामाजिक ताना-बाना कमजोर होने और नौजवान पीढ़ी के धीरे-धीरे नशे की गिरफ्त में जाने से अब अपराध भी बढ़ने लगे है। अधिकतर राजस्व पुलिस का क्षेत्र होने से अपराधी आसानी से बच निकलता है। कम ही मामले उजागर हो पाते हैं।
ताजा मामला शनिवार को सामने आया नागकन्याल गांव में। जहां स्मैक की लत पूरा करने के लिए गांव के धवन कांडपाल उम्र 24 साल ने अपनी चाची नीमा कांडपाल के घर चोरी कर दी। उसने घर में बक्से में रखे एक नथ, मंगलसूत्र, दो कान के झुमके, एक नाक की फुल्ली करीब दो लाख की चोरी कर ली। इस मामले का खुलासा कुछ ही घंटों में पुलिस उपनिरीक्षक सुरभि राणा ने कर दिया और युवक को धर दबोचा। इतनी जल्दी खुलासा होने से खुश एसपी ने उन्हें एक हजार रुपए का नकद ईनाम भी दिया।
इससे पूर्व कपकोट के एक प्राथमिक विद्यालय, बागेश्वर प्राथमिक विद्यालय में चोरों ने सिलेंडर, बर्तन आदि सामान में चोरी कर लिया। द्वारसों, चौरा क्षेत्र में पंचायत घर में चोरों ने सेंधमारी कर बर्तन, सिलेंडर आदि साफ कर दिए। गरुड़ क्षेत्र के रियूनी लखमार में अवैध हथियार से गांव गोली चलाकर दहशत फैलाने का प्रयास किया गया। इसके अलावा कर्मी, गोगिना, बाछम आदि राजस्व क्षेत्रों में अपराध के मामले सामने आए।
--
नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अपराध की जड़ भी यही है। लोगों को साथ में लेकर कार्य किया जा रहा हैं। नशे के इस कारोबार के खात्मे को सभी लोग अपना सहयोग दें। मणिकांत मिश्रा, पुलिस अधीक्षक, बागेश्वर