तहसील रोड पर लगा आधे घंटे का जाम
जागरण संवाददाता, बागेश्वर : दोपहर बाद तहसील रोड में एकाएक जाम लग गया। करीब आधे घंटे के
जागरण संवाददाता, बागेश्वर : दोपहर बाद तहसील रोड में एकाएक जाम लग गया। करीब आधे घंटे के जाम में दोनों तरफ से वाहनों की लंबी कतार लग गई। जिससे पैदल चलने वाले भी प्रभावित हो गए। ट्रैफिक पुलिस के बिना ही वाहनों से उतर-उतर कर लोगों ने स्वयं जाम खुलवाया।
सोमवार को दोपहर बाद पीजी कॉलेज छात्रसंघ के विजयी पदाधिकारियों ने जुलूस निकाला। वे मोटर साइकिल, स्कूटी और चार पहिया वाहनों से निकले। वाहनों की कतार लंबी होने से तहसील रोड में करीब आधे घंटे का जाम लग गया। सड़क संकरी होने से वाहनों आड़े-तिरछे फंस गए और तपती धूप में लोगों को पसीना बहना पड़ा। जाम लगने से राहगीर भी परेशान हो गए। सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र उपाध्याय ने कहा कि जाम से निपटने के लिए तहसील रोड में ट्रैफिक पुलिस की कोई व्यवस्था नहीं की गई है जबकि यह रोड तहसील और कलक्ट्रेट को जोड़ती है। उन्होंने कहा कि सोमवार को लगा जाम सवारियों ने वाहन से उतर कर खुद ही खुलवाया। हालांकि स्कूल बस और एंबुलेंस आदि जाम में नहीं फंसी। इधर एसपी मुकेश कुमार ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस को सख्त निर्देश दिए गए हैं। माल वाहनों को एक साथ नहीं छोड़ने को कहा गया है।