गोमती में बाढ़ आई तो सरयू में लगा दी दुकानें
जागरण संवाददाता, बागेश्वर : बैजनाथ झील के गेट खोलने के बाद गोमती नदी में बाढ़ आ गई। गोमती न
जागरण संवाददाता, बागेश्वर : बैजनाथ झील के गेट खोलने के बाद गोमती नदी में बाढ़ आ गई। गोमती नदी किनारे लगी दुकानों को वहां से हटा लिया गया, लेकिन व्यापारियों ने अब दुकानें सरयू बगड़ में लगा दी हैं। वहीं उत्तरायणी मेले के समापन के बाद भी खरीदारों की भीड़ लगी हुई है।
उत्तरायणी मेले का समापन 21 जनवरी को हो गया है। लेकिन तीन दिन बाद भी यहां बाहर से आए व्यापारी रुके हुए हैं। गत मंगलवार को गोमती नदी में बाढ़ आ गई और व्यापारियों को नुकसान भी हुआ। कुछ व्यापारी बुधवार की सुबह यहां से निकल गए लेकिन अभी भी करीब सौ से अधिक कपड़ा और अन्य सामान के व्यापारी यहां जमे हुए हैं।उन्होंने दुकानें सरयू बगड़ और नुमाइशखेत में शिफ्ट कर दी हैं। लगातार हो रही बारिश से सरयू का जलस्तर भी बढ़ रहा है। जिससे उन्हें खतरा हो सकता है। हालांकि प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है और नगर पालिका ने भी व्यापारियों से दुकानें हटाने को कहा है। खरीदार बढ़ने से व्यापारी यहां जमे हुए हैं। इधर ईओ राजदेव जायसी ने कहा कि व्यापारियों को सरयू बगड़ खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। गुरुवार तक सभी दुकानें खाली करा ली जाएंगी।