पूर्व दर्जा राज्य मंत्री ने बांटे मास्क
बागेश्वर में कोरोना वायरस संक्रमण के बचाव और रोकथाम के लिए पूर्व राज्य दर्जा ने लोगों को मास्क बांटे।
जागरण संवाददाता, बागेश्वर: कोरोना वायरस संक्रमण के बचाव और रोकथाम के लिए पूर्व राज्य दर्जा मंत्री भूपेश उपाध्याय लोगों को जागरूक कर रहे हैं। पहली बार गांव के लोगों को मास्क और सैनिटाइजर वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में 20 हजार मास्क और पांच हजार सैनिटाइजर वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है।
होप इंडिया फाउंडेशन के चेयरमैन और पूर्व दर्जा राज्य मंत्री उपाध्याय कोरोना महामारी से बचाव के लिए ग्रामीणों की मदद के लिए आगे आए हैं। उन्होंने अपने गृह क्षेत्र भतौड़ा, घिघारतोला, सातचौरा, ढालन, धपोली, कांडा, कांडा-पड़ाव, अन्नपूर्णा, विजयपुर, कमेड़ीदेवी, खुनौली आदि स्थानों पर मास्क और सैनिटाइजर वितरित किए। उन्होंने बताया कि वे सुबह सात से एक बजे तक दुकानों में सामान खरीदने आ रहे ग्रामीण, महिला, पुरुष, पुलिस कर्मी, बैंक कर्मी और अस्पतालों में जाकर लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव आदि की जानकारी प्रदान कर रहे हैं। उन्हें मास्क और सैनिटाइजर भी प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में बीस हजार मास्क और पांच हजार सैनिटाइजर बांटे जा रहे हैं और दूसरे चरण में भी वह लोगों के बीच होंगे। ग्रामीणों को हरसंभव मदद की जाएगी। उन्होंने कहा कि समूचा देश कोरोना वायरस संक्रमण के चलते लॉक डाउन है। ऐसे में सभी को शासन-प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा। इस मौके पर शंकर चंद्र, कमलेश कुमार, राजेश उपाध्याय, जितेंद्र वर्मा, कमल भौर्याल, प्रशांत मलड़ा आदि मौजूद थे।