बालिका आश्रम पद्धति विद्यालय में चलेंगी ई-क्लासेस
बागेश्वर में अनाथ एवं गरीब बालिकाओं के उज्जवल भविष्य के लिए गुणवत्तायुक्त शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए ई-क्लासेस की शुरू की गई है।
जागरण संवाददाता, बागेश्वर: अनाथ एवं गरीब बालिकाओं के उज्जवल भविष्य के लिए गुणवत्तायुक्त शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रंजना राजगुरु ने आज बालिका आश्रम पद्धति विद्यालय में ई-प्रोजेक्टर के माध्यम से स्मार्ट क्लास का शुभारंभ किया।
आश्रम पद्धति विद्यालय में ई-क्लासेस का उद्घाटन करते हुए जिलाधिकारी रंजना ने कहा कि गरीब व अनाथ बालिकाओं बेहतर शिक्षा के लिए स्मार्ट क्लास शुरु की गई है। जिसके माध्यम से सभी बालिकाओं को सभी विषयों के बारे में एवं व्यवहारिक जानकारी स्मार्ट क्लास के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएंगी। जिससे उनकी बुनियादी शिक्षा का स्तर बेहतर होगा तथा वह भविष्य में जो भी मुकाम हासिल करना चाहती है उस मुकाम को वह आसानी से हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी विद्यालयों में गुणवत्तायुक्त शिक्षा उपलब्ध कराने एवं शिक्षक विहीन विद्यालयों में विगत माह फरवरी 2019 में इ-लर्निग प्रोजेक्ट के माध्यम से इसका शुभारंभ किया था।शिक्षक विहीन विद्यालय में छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित न हो इसके लिए कई विद्यालय में इ-लर्निग प्रोजेक्ट के माध्यम से स्मार्ट क्लासें संचालित हो रही है।
स्मार्ट क्लास के सफल संचालन के लिए कक्ष निर्माण हेतु जिला योजना की मद से 10 लाख की धनराशि स्वीकृत करते हुए समाज कल्याण विभाग को उपलब्ध कराई गयी है। जिसके माध्यम से स्मार्ट क्लास हेतु कक्ष का निर्माण किया गया है तथा स्मार्ट क्लास संचालन के लिए जिलाधिकारी द्वारा अंर्टाइड फंड से 77 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी केएन तिवारी, आश्रम अधीक्षक हेम चन्द्र तिवारी, एनएस गस्याल, बसंती बिष्ट, दीपा जोशी, गोविदी पांडे, ईश्वरी दत्त सहित आश्रम पद्धति की छात्राएं मौजूद थी।