पालिका पर सभासदों ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप
बागेश्वर नगर के दो सभासदों ने पालिका पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।
जासं, बागेश्वर: नगर के दो सभासदों ने पालिका पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उन्होंने इसकी शिकायत एसडीएम से की है और कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने उत्तरायणी मेले के आय-व्यय का भी लेखाजोखा देने की मांग की है।
मंगलवार को बागनाथ वार्ड के सभासद धीरेंद्र परिहार और मां चंडिका वार्ड के सभासद नितेश वर्मा उपजिलाधिकारी से मिले। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद बोर्ड बैठक 18 मई को आयोजित की गई। जिसमें कई बिदुओं पर चर्चा हुई। आय-व्यय और खर्चों में गड़बड़ी से भ्रष्टाचार का संज्ञान हुआ। बैठक में संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर उन्हें बैठक का बहिष्कार करना पड़ा। उन्होंने ईओ पालिका को 19 मई को पत्र लिखा ओर आय-व्यय, निर्माणाधीन कार्यों की जानकारी मांगी। कहा कि बिना बोर्ड प्रस्ताव के मां चंडिका वार्ड में ट्रामा सेंटर के समीप पाíकंग बनाई गई है। लेकिन एक सप्ताह का समय बीत जाने के बावजूद भी पालिका ने उन्हें सूचना नहीं दी। उन्होंने कहा कि वैश्विक महामारी संक्रमण काल में नगर पालिका सरकारी और जनता के धन का दुरुपयोग न करें, इसे संज्ञान में लेना होगा। उन्होंने एसडीएम से आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। पालिका के सभासदों ने उत्तरायणी मेले का आय-व्यय की लिखित जानकारी देने की मांग की है। उन्होंने चंडिका वार्ड में जिला अस्पताल, ट्रामा सेंटर के समीप निर्माणाधीन पाíकंग की भी जानकारी देने को कहा है।