कांग्रेस ने सरकार पर लगाया गुमराह करने का आरोप
जागरण संवाददाता, बागेश्वर : कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश की जनता को गुमराह करने का आरोप लगात
जागरण संवाददाता, बागेश्वर : कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश की जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया। उन्होंने कहा कि मलिन बस्तियों के नियमितीकरण व मालिकाना हक के नाम पर सरकार लोगों को बहकाना बंद करे। जिला मुख्यालय के एसबीआई तिराहे पर मंगलवार की सुबह 11 बजे कांग्रेस कार्यकर्ता व नेतृत्व उपस्थित हुआ। इस दौरान उन्होंने जमकर नारेबाजी की और राज्य सरकार का पुतला दहन किया। पुतला दहन के बाद जिलाध्यक्ष लोकमणि पाठक ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार मलिन बस्ती के नियमितीकरण के लिए साल 2016 में विधेयक ले आई थी। लेकिन मौजूदा राज्य सरकार उस विधेयक पर कार्य करने के बजाए नया कानून लाकर लोगों को बहकाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सरकार के इस रवैये को समझ रही है। नगर अध्यक्ष धीरज कोरंगा ने कहा कि मौजूदा सरकार जनविरोधी कार्य कर रही है। जिसका कांग्रेस पार्टी हर हाल में विरोध करेगी। इस मौके पर बालकृष्ण, राजेंद्र टंगड़यिा, बहादुर बिष्ट, महेश पंत, सुरेश खेतवाल, दीपक खेतवाल, रेखा खेतवाल, गीता रावल, हरीश धामी आदि मौजूद रहे।