विश्राम गृह की गुणवत्ता पर भड़के अध्यक्ष
जागरण संवाददाता बागेश्वर पालिका अध्यक्ष ने ईओ और इंजीनियरों के साथ गुरुवार को तमाम विका
जागरण संवाददाता, बागेश्वर : पालिका अध्यक्ष ने ईओ और इंजीनियरों के साथ गुरुवार को तमाम विकास कार्यों का निरीक्षण किया। सरयू घाट पर बन रहे यात्री विश्राम गृहों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए और पुन: निर्माण कराने के निर्देश दिए। पालिकाध्यक्ष की कार्रवाई से ठेकेदारों में हड़कंप मच गया है।
चुनाव आचार संहिता से पूर्व नगर के 11 वार्डों में विकास कार्यों के लिए करीब दो करोड़ की धनराशि के टेंडर आमंत्रित किए गए और वर्तमान में निर्माण कार्य हो रहा है। गुरुवार को पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल पूरी तकनीकी टीम के साथ सरयू घाट पहुंचे। वहां निर्माणाधीन विश्राम गृह की गुणवत्ता देखकर वे आश्चर्यचकित हो गए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। संबंधित ठेकेदार से पुन: विश्राम गृह का निर्माण करने को कहा। टीम ने तहसील रोड में नाली चोक होने से घरों के भीतर घुस रहे पानी का भी निरीक्षण किया। सिचाई विभाग की नाली पर अवैध कब्जा हटाने का निर्णय लिया। लोनिवि आवास के समीप बनी नाली को आगे तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया। इस मौके पर ईओ राजदेव जायसी, जेई रंजीत कोहली, चंद्रक्रांत टम्टा, किशन नगरकोटी, खीम सिंह, ईश्वर पांडे आदि मौजूद थे।