बीएसएनएल के कन्यूटी में थ्री-जी टावर में तोड़फोड़
जागरण संवाददाता, बागेश्वर : तहसील कपकोट के कन्यूटी स्थित बीएसएनएल टावर में अराजक तत्वों ने
जागरण संवाददाता, बागेश्वर : तहसील कपकोट के कन्यूटी स्थित बीएसएनएल टावर में अराजक तत्वों ने तोड़फोड़ कर दी है। जिससे थ्री-जी सेवा पूरी तरह ठप हो गई है। जबकि टू-जी सेवा उपभोक्ताओं तक पहुंच रही है। इससे क्षेत्र की संचार सेवा पटरी से उतर गई है। बीएसएनएल ने अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है।
बीएसएनएल ने कन्यूटी में थ्री-जी टावर स्थापित किया है। अराजक तत्वों ने टावर में मंगलवार को भारी तोड़फोड़ कर दी है। जिससे उपभोक्ताओं को संचार सेवाएं सुचारू रूप से नहीं मिल पा रही है। लोग टू-जी टावर से काम चला रहे हैं और लोगों को कई बार सिग्नल भी नहीं मिल पा रहे हैं। इसके अलावा इंटरनेट सेवा पूरी तरह पटरी से उतर गई है। थ्री-जी सेवा नहीं होने से मोबाइल में इंटरनेट सेवा भी ठप हो गई है जबकि ब्रॉड बैंड और वाइफाई सेवा भी प्रभावित चल रही है। जेटीओ चंद्रशेखर लोहुमी ने बताया कि अराजक तत्वों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है। थ्री-जी टावर के लिए केबिल और अन्य सामान मंगाया गया है, जल्द उसे सुचारू कराया जाएगा।