राफेल मुद्दे पर राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी
बागेश्वर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राफेल मुद्दे पर राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जागरण संवाददाता, बागेश्वर: राफेल पर राहुल गांधी के दिए बयानों के झूठा साबित होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने हाथों में तख्ती लेकर प्रदर्शन किया। राहुल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनसे देश से झूठ के लिए माफी मांगने को कहा। गोमती पुल के समीप भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने हाथों में राफेल मामले में राहुल हुआ फेल और देश की जनता से माफी मांगे राहुल गांधी लिखी तख्तियां ले रखी थी। वक्ताओं ने कहा कि राहुल गांधी ने देश की जनता से झूठ बोला है। उन्होंने लगातार राफेल वाले मामले पर झूठे बयान दिए। केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री के खिलाफ लगातार अभद्र शब्द बोले। प्रधानमंत्री के लिए चौकीदार चोर है जैसे शब्द भी बोले। उन्होंने कहा कि अब कोर्ट और एसआइटी जांच में उनकी पोल खुल चुकी है। राहुल ने देश की सुरक्षा के लिए खरीदे जा रहे राफेल के सौदे में भी राजनीति करने की कोशिश की। जिसका जवाब उन्हें मिल चुका है। ऐसे में उन्हें देश की जनता से अपने बोले गए झूठ के लिए माफी मांगनी चाहिए। इस दौरान कार्यकर्ता काफी उत्साह में थे। उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यक्रम का संचालन खड़क सिंह टंगड़िया ने किया। इस मौके पर गोविद टंगड़िया, राजेंद्र परिहार, रवि करायत, सुरेश सोनियाल, मनोज ओली, नवीन रावल, मथुरा प्रसाद, राजू परिहार सहित तमाम अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।