बिलौना-पगना मार्ग विशालकाय बोल्डर गिरने से बंद
बागेश्वर के बिलौना-पगना मोटर मार्ग पर बड़े-बड़े बोल्डर गिर गए। जिससे मार्ग बंद हो गया।
जागरण संवाददाता, बागेश्वर: बिलौना-पगना मोटर मार्ग पर बड़े-बड़े बोल्डर गिर गए। जिससे मार्ग बंद हो गया है। घटना के समय मोटर मार्ग पर कोई गाड़ी नहीं चल रही थी, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। मार्ग खोलने के लिए कर्मचारी जुटे हुए है।
रविवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे बिलौना-पगना मोटर मार्ग पर किमी 5 पर पहाड़ी से भारी बोल्डर गिरने लगे। पत्थरों की गड़गड़ाहट से आस-पास के रहने वाले लोग घरों से बाहर निकल गए। सड़क पर भारी बोल्डर गिरने से मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। सड़क के दोनों ओर से आवागमन बाधित है। सुबह के समय बिलौना-पगना मोटर मार्ग पर कई गाड़यिां चलती है। घटना के समय इत्तेफाक से मोटर मार्ग में कोई गाड़ी नही थी। रविवार की छुट्टी होने के कारण भी गाड़ियों का आवागमन सड़क पर कम ही था। जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि बोल्डर गिरने से किसी प्रकार का नुकसान नही हुआ है। मोटर मार्ग बंद है। जिसे खोलने के प्रयास किए जा रहे है। सोमवार की दोपहर तक मार्ग सुचारु हो जाने की उम्मीद है। संबंधित विभाग के कर्मचारी जेसीबी मशीनों के जरिए मोटर मार्ग खोलने में जुटे हुए हैं।