उत्तराखंड के बागेश्वर में पुलिस की वर्दी में वीडियो कॉल से साइबर ठगी, डिजिटल अरेस्ट कर ठगे 2.60 लाख
कपकोट के महिपाल सिंह को साइबर ठगों ने पुलिस अधिकारी बनकर वीडियो कॉल पर डिजिटल अरेस्ट की धमकी देकर 2.60 लाख रुपये ठग लिए।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, बागेश्वर । कपकोट तहसील क्षेत्र के महिपाल सिंह को साइबर ठगों ने पुलिस की वर्दी और अधिकारी की पहचान का उपयोग कर ठगी का शिकार बना लिया। ठगों ने वीडियो कॉल के माध्यम से खुद को पुलिस अधिकारी बताकर महिपाल को आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
इसके बाद डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर महिपाल के बैंक खातों से 2,60,500 रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवा लिए गए। जब महिपाल को ठगी का एहसास हुआ, तो उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की। इस मामले में कपकोट थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस की वर्दी में वीडियो कॉल कर धमकाया
महिपाल सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि साइबर ठगों ने गलत पहचान बताकर और इलेक्ट्रानिक संसाधनों का उपयोग कर उन्हें भ्रमित किया। पुलिस की वर्दी में वीडियो कॉल कर उन्हें धमकाया गया। थाना अध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे साइबर ठगी के प्रति सतर्क रहें।
अनजान नंबरों से आने वाली वीडियो कॉल और वाट्सएप कॉल को सावधानी से लें और किसी के दबाव में आकर बैंक खाते से रकम ट्रांसफर न करें। डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं होती है।
