बागेश्वर में भूस्खलन से सिमाली सड़क धंसी, आवागमन बाधित, ग्रामीणों को भारी दिक्कत
बागेश्वर में लगातार बारिश के कारण सानिउडयार-कुचौली-मलसूना सड़क सिमाली गांव के पास भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे आवाजाही ...और पढ़ें
HighLights
सिमाली गांव के पास सड़क भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हुई।
सड़क बंद होने से आवाजाही पूरी तरह ठप हुई।
ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना।
जागरण संवाददाता, बागेश्वर। वर्षा के कारण सानिउडयार-कुचौली-मलसूना सड़क सिमाली गांव के पास भूस्खलन की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंसने से इस मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई है। इससे स्थानीय ग्रामीणों के साथ ही भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना, जनेऊ संस्कार व अन्य धार्मिक कार्यों के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार, बीते दो दिनों से लगातार बारिश के चलते पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने लगे थे। शनिवार रात भूस्खलन तेज होने से सड़क का हिस्सा पूरी तरह टूट गया। रविवार सुबह जब लोग आवागमन के लिए पहुंचे तो मार्ग बंद मिला।
इस मार्ग के बंद होने से भद्रकाली मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालु बीच रास्ते में ही फंस गए। कई लोगों को वापस लौटना पड़ा। अब लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लगभग 22 किमी अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ गए हैं।
यह भी पढ़ें- PHOTOS: देहरादून-मसूरी में अचानक बदला मौसम, अंधड़-बारिश से दिन में छाया अंधेरा; ओले भी गिरे
ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग कई गांवों को मुख्य सड़क से जोड़ता है। सड़क बंद होने से दैनिक जरूरतों की आपूर्ति भी प्रभावित होगी। स्कूली बच्चों, मरीजों और बुजुर्गों को सबसे अधिक दिक्कत उठानी पड़ सकती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने और वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में इस मार्ग पर अक्सर भूस्खलन होता है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि संबंधित विभाग को तत्काल मौके पर भेजा गया है। मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
