आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का धरना 20वें दिन जारी
न्यूनतम वेतनमान समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंगनबाड़ी वर्करों का धरना जारी है।
जागरण संवाददाता, बागेश्वर : न्यूनतम वेतनमान समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंगनबाड़ी वर्करों का कार्य बहिष्कार 20 वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान उन्होंने सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा देहरादून में लंबे समय से वर्कर आमरण अनशन पर बैठीं हैं। सरकार के कानों जूं तक नहीं रेंग रही है।
ब्लॉक की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां आंदोलन स्थल तहसील परिसर पर पहुंची। उन्होंने नारेबाजी कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने सभा की और कहा जब कर्मचारी पूरी ईमानदारी से काम कर रही हैं, तो सरकार उनकी मांगों की अनदेखी क्यों कर रही है। सरकार के इस तरह के रवैये को सहन नहीं किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने न्यूनतम वेतनमान नहीं मिलने पर आपत्ति जताई। उन्होंने एक स्वर में कहा जब तक उनकी मांगों को नहीं माना जाता वे पीछे नहीं हटेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष लीला आर्या ने की और संचालन सरोजनी ने किया। इस मौके पर पुष्पा जोशी, बीना धपोला, जानकी चौबे, सरोज, अंजू, कमला, पूनम, मुन्नी देवी, कलावती, मरियम डेविड, रीना गुरुरानी आदि मौजूद थे। उधर, कांडा और गरुड़ में भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का धरना जारी रहा।