अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ा तो 6 साल का निष्कासन
जागरण संवाददाता बागेश्वर भाजपा जिला इकाई की बैठक में पंचायत चुनाव में अधिकृत प्रत्याशी को
जागरण संवाददाता, बागेश्वर : भाजपा जिला इकाई की बैठक में पंचायत चुनाव में अधिकृत प्रत्याशी को जिताने पर जोर दिया गया। उन्होंने सख्त लहजे में कहा चुनाव के दौरान कोई भी कार्यकर्ता दूसरे प्रत्याशी का प्रचार करते या पार्टी विरोधी गतिविधि में लिप्त पाया गया तो उसे छह साल के लिए पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा की बैठक आयोजित हुई। उन्होंने कहा कि पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले भाजपा कार्यकर्ता को किसी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी। बैठक में जिलाध्यक्ष शेर सिंह गड़िया, बागेश्वर के विधायक चंदन राम दास, कपकोट के बलवंत सिंह भौर्याल, जिले के पदाधिकारियों के अलावा मंडल अध्यक्ष तथा पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में वक्ताओं ने कहा पार्टी ने चार दिन पहले जिले के सभी 19 जिला पंचायत सीट पर अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। इन प्रत्याशियों का चयन रायशुमारी के बाद हुआ है। इसके बाद भी उन्हें शिकायत मिल रही है कि कुछ सीटों पर पार्टी के सदस्य नामांकन कराने जा रहे हैं। इसके अलावा कुछ कार्यकर्ता पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त हैं। ऐसे कार्यकर्ताओं पर संगठन पूरी तरह नजर रखे हुए है। ऐसे कार्यकर्ताओं को पार्टी में कतई स्थान नहीं दिया जाएगा जो पार्टी की रीति और नीति के खिलाफ जाएंगे। उन्हें छह साल के लिए बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।