सांसद प्रज्ञा ठाकुर के बयान पर भड़की युवा कांग्रेस, पुतला फूंक जताया आक्रोश
भाजपा सांसद के बयान से भड़के युवक कांग्रेस ने शुक्रवार को स्थानीय चौघानपाटा में जोरदार नारेबाजी के बीच प्रज्ञा ठाकुर का पुतला फूंका।
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : भाजपा सांसद के बयान से भड़के युवक कांग्रेस ने शुक्रवार को स्थानीय चौघानपाटा में जोरदार नारेबाजी के बीच प्रज्ञा ठाकुर का पुतला फूंका। केंद्र सरकार से उनकी संसद सदस्यता समाप्त किए जाने की मांग उठाई। कहा कि जल्द इसमें कार्रवाई नहीं की गई तो युकां प्रदेश स्तर पर आंदोलन तेज करने को बाध्य होगी।
नगर व आसपास के क्षेत्रों के युकां पदाधिकारी व कार्यकर्ता यहां माल रोड स्थित गांधी पार्क पहुंचे। उन्होंने नारेबाजी के बीच भोपाल से भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर का पुतला फूंका। इस मौके पर नुक्कड़ सभा में वक्ताओं ने कहा कि जिस महान पुरुष महात्मा गांधी का पूरी दुनिया सम्मान करती है, उनके कातिल को देश भक्त कहा जा रहा है। जो पूरी तरह निंदनीय है। कहा कि युकां सांसद प्रज्ञा ठाकुर के इस प्रकार के बयान को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। यह भी स्पष्ट कहा कि यदि सांसद पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो युकां प्रदेश के सभी जिलों में आंदोलन करने का बाध्य होगी। वक्ताओं ने कहा कि इस बयान के लिए केंद्र सरकार को उन्हें पार्टी से निष्कासित करना चाहिए।
इस मौके पर वैभव पांडे, विनीत भट्ट, अंशुल रावत, दीपक राणा, संजय दुर्गापाल, पूरन रौतेला, अमर बिष्ट, फकीर खान, कृष्णा रावत, गोपाल भट्ट, राहुल अधिकारी, अरविंद बोरा, कमल कोरंगा, रोहन आर्या, हिमांशु बनौला, विमल कुमार, उज्ज्वल जोशी, मयंक मटियानी, प्रीति बिष्ट, अंकित गुप्ता, धु्रव कुमार, नवीन, गोलू आदि मौजूद थे।