ग्रामीण की हत्या की आशंका, पत्नी पर हत्या का आरोप
अल्मोड़ा जिले के रानीखेत में ग्रामीण की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। लोगों ने मृतक की पत्नी पर हत्या का आरोप लगाया है।
रानीखेत, अल्मोड़ा [जेएनएन]: देवलीखान में ग्रामीण की संदिग्ध हालात में मौत व हत्या की आशंका के बीच पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने में देरी क्या हुई दो दिन से शांत महिलाएं आपा खो बैठी। गांव में बवाल हो गया। गुस्सायी महिलाओं ने उल्टा मृतक सुरेश की पत्नी को ही घेर लिया। उस पर बाहरी युवक के साथ मिल अपने पति की हत्या का आरोप लगाया। कालिख पोतने व जूतों की माला पहनाने की कोशिश की गई। हालांकि, हंगामे की आशंका से अलर्ट चार पांच चौकियों से पहुंची राजस्व पुलिस ने आक्रोशित महिलाओं को बमुश्किल रोका। भीड़ के चंगुल से मृतक की पत्नी को बचा कर राजस्व चौकी ले आए।
बताते चलें कि बीते बुधवार तड़के पर्यटन नगरी रानीखेत से करीब 25 किमी दूर शीतलाखेत कठपुड़िया रोड से लगे देवलीखान गांव में सुरेश चंद्र जोशी (38) पुत्र प्रेम बल्लभ जोशी की लाश उसके घर से लगभग सौ मीटर की दूरी पर खेत में पड़ी मिली थी। दबी जुबान ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग तो की, लेकिन राजस्व पुलिस को खुलकर कोई बयान नहीं दिया था।
राजस्व पुलिस भी इस मामले में जांच से बचती नजर आई। अलबत्ता शव का पोस्टमार्टम कराया गया, ताकी मौत के कारणों का खुलासा किया जा सके। इधर दूसरे दिन भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आई तो शुक्रवार को देवलालीखान की महिलाएं भड़क उठी।
उन्होंने मृतक सुरेश की पत्नी पर ही अपने पति की हत्या का आरोप लगाते हुए बवाल काटा। मृतक के घर पर जाकर उसकी पत्नी को घेर लिया। कोयले की कालिख बना जूतों की माला तैयार की। हालांकि, राजस्व पुलिस ने उन्हें हाथ जोड़ रोक लिया। साथ ही मृतक सुरेश की पत्नी को आक्रोशित महिलाओं के चंगुल से बचाकर राजस्व चौकी ले गई। राजस्व निरीक्षक कपिल कुमार के अनुसार कल तक दबी जुबान हत्या का आरोप लगा रही गांव की महिलाएं शनिवार को खुलकर सामने आ गई। राजस्व निरीक्षक ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी खोली नहीं गई है। अलबत्ता चोट के निशान होने की बात जरूर कही है।
यह भी पढ़ें: खेत में पानी देने को लेकर हुआ विवाद, तीन को गोली मारी; एक की मौत
यह भी पढ़ें: विक्षिप्त ने बेटी से की छेड़छाड़, पत्नी और बेटे ने पीटकर मार डाला