रिश्कन नदी में डूबा ग्राम प्रहरी, मौत
संवाद सहयोगी, द्वाराहाट : ग्राम प्रहरी की संदिग्ध हालात में रिश्कन नदी में डूबने से मौत हो गई। उस
संवाद सहयोगी, द्वाराहाट : ग्राम प्रहरी की संदिग्ध हालात में रिश्कन नदी में डूबने से मौत हो गई। उसका शव पैठानी गांव के पास से बरामद किया गया। वह बीती सोमवार की शाम से लापता था। नदी में कैसे डूबा इस पर संशय बरकरार है। अलबत्ता राजस्व पुलिस इसे दुर्घटना से जोड़ कर चल रही है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
मामला बुधवार का है। नैणी गांव के तोक तेवाड़ीखोला निवासी ग्राम प्रहरी दिनेश चंद्र तिवारी (45) पुत्र देवीदत्त बीती 12 फरवरी की शाम से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। वह परिजनों से कहीं जाने की बात कह कर घर से निकला था मगर नहीं लौटा। मंगगलवार को भी उसका पता न लगा तो परिजनों ने तलाशना शुरू किया। राजस्व उप निरीक्षक ललित कुमार के अनुसार बुधवार को ग्राम प्रहरी की खोज की गई। तब पैठानी के समीप देवीरौ क्षेत्र में रिश्कन नदी में शव उतराता देखा गया। हड़कंप के बीच उसकी शिनाख्त ग्राम प्रहरी दिनेश चंद्र के रूप में की गई। राजस्व पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकाल पोस्टमाटर्म के लिए रानीखेत भेज दिया। राजस्व उपनिरीक्षक के अनुसार संभवत: नदी में गिरने से वह डूब गया। उधर मौत की खबर मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक दिनेश चंद्र पूजा पाठ कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। उसका बड़ा पुत्र पंकज बीकॉम, पुत्री भावना बीए तथा छोटा पुत्र हिमाशु हाईस्कूल में पड़ता है। पत्नी मंजू देवी का रो रोकर बुरा हाल है।